
अमेरिकी कांग्रेस की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान पहुंचते ही कम से कम 21 चीनी मिलिट्री प्लेन ने ताइवन की एयर डिफेंस जोन में घुसपैठ की है। अमेरिकी नेता के ताइवान (china taiwan news) पहुंचने के बाद यह चीन की पहली बड़ी हरकत है। चीन (china taiwan tension) ने ताइवान में उनके पहुंचने से पहले कई धमकियां दी थीं कि वह पेलोसी के विमान को लैंड नहीं होने देंगे।
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने ट्विटर के जरिए कहा, ’21 पीएलए एयरक्राफ्ट 2 अगस्त 2022 को ताइवान की दक्षिण पश्चिम एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में घुसे हैं।’ वहीं चीन की मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नैंसी पेलोसी के ताइवान पहुंचने के बाद उसका रक्षा मंत्रालय हाई अलर्ट पर है। इतना ही नहीं वह इस दौरे के नतीजे में ताइवान के खिलाफ ‘टारगेटेड मिलिट्री एक्शन’ लेगा।
इसके पहले नैंसी पेलोसी ने ताइवान में लैंड करने के बाद अपने बयान में कहा, ‘हमारे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की यात्रा ताइवान के जीवंत लोकतंत्र का समर्थन करने की अमेरिकी प्रतिबद्धता को दिखाती है। हमारी यात्रा सिंगापुर, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और जापान सहित भारत-प्रशांत की व्यापक यात्रा का हिस्सा है, जो पारस्परिक सुरक्षा, आर्थिक साझेदारी और लोकतांत्रिक शासन पर केंद्रित है। ताइवान के नेताओं के साथ हमारी बातचीत हमारे साझेदार (ताइवान) के लिए हमारे समर्थन की पुष्टि करने और एक स्वतंत्र व खुले हिंद प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाने सहित हमारे साझा हितों को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।’
नैंसी ने दिया एकजुटता का संदेश : ताइवान पहुंचकर नैंसी ने कहा, ‘ताइवान के 2.3 करोड़ लोगों के साथ अमेरिका की एकजुटता आज पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया निरंकुशता और लोकतंत्र के बीच विकल्प का सामना कर रही है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमारी यात्रा ताइवान के कई कांग्रेस प्रतिनिधिमंडलों में से एक है और यह किसी भी तरह से अमेरिका की नीति का खंडन नहीं करती है। अमेरिका यथास्थिति को बदलने के एकतरफा प्रयास का विरोध करना जारी रखेगा।’
चीन की धमकी रहीं बेअसर : अमेरिकी कांग्रेस की स्पीकर नैंसी पेलोसी मंगलवार को भारतीय समयानुसार 8.15 बजे ताइवान की राजधानी ताइपे में लैंड हुईं। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय की ओर से उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच वायुसेना के विमान C-40C SPAR19 के जरिए ताइवान पहुंचाया गया। ताइवान में उनके पहुंचने से पहले चीन ने कई धमकियां दी थीं कि वह पेलोसी के विमान को लैंड नहीं होने देंगे।
चीन की सेना का ऐलान : नैंसी की यात्रा के बीच चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने ऐलान किया है कि वह गुरुवार से रविवार तक ताइवान के आसपास के छह क्षेत्रों में लाइव-फायर एक्सरसाइज सहित महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण करेगी। चीन ने यह ऐलान ऐसे समय पर किया है जब पेलोसी ताइपे में मौजूद हैं।
चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक देश के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पीएलए ईस्टर्न थिएटर कमांड ताइवान के आसपास ज्वाइंट मिलिट्री ऑपरेशन का संचालन करेगी। द्वीप के उत्तर, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण पूर्व में संयुक्त समुद्री और हवाई अभ्यास के साथ, ताइवान जलडमरूमध्य में लंबी दूरी की तोप की शूटिंग और द्वीप के पूर्वी समुद्री क्षेत्रों में मिसाइल टेस्ट फायरिंग मंगलवार रात से शुरू हो रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website