
टोक्यो ओलंपिक खेलों में कुछ ईवेंट्स में ऩए चैंपियन उभर कर सामने आ रहे हैं तो कुछ में पुराने चैंपियन अपने स्वर्णिम प्रदर्शन को दोहरा रहे हैं । एथलेटिक्स मुकाबलों के पांचवें दिन शाम के सत्र में दो मुकाबले ऐसे हुए जिसमें नए और पुराने दोनों ही तरह के एथलीटों का दबदबा देखने को मिला। महिलाओं की 800 मीटर रेस में अमेरिका की 19 साल की एथलीट एथिंग मू स्वर्ण पदक जीता। अपने पहले ओलंपिक गेम्स में शिरकत कर रही मू ने 800 मीटर की दूरी 1 मिनट 55.21 सैकंड में पूरी करते हुए नया राष्ट्रीय रिकार्ड भी बनाया और रेस में पहले स्थान पर रहीं । एथिंग मू के माता-पिता कई वर्षों पहले सूडान से अमेरिका आकर बस गए थे और मू ने छह वर्ष की उम्र से ही रनिंग की शुरुआत कर दी थी। इस रेस में ग्रेट ब्रिटेन की कीलि हॉजकिन्सन दूसरे स्थान पर रहीं उन्होंने 1 मिनट 55.88 सैकंड में रेस पूरी की। जबकि कांस्य पदक भी अमेरिका के खाते में ही गया। रेविन रॉजर्स ने 1 मिनट 56.81 सैकंड में रेस फिनिश की। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में ये अमेरिका का दूसरा स्वर्ण पदक है।
शाम के सत्र में हुए महिलाओं के हैमर थ्रो फाइनल का मुकाबला भी काफी रोचक रहा। पौलेंड की अनिता व्लोदार्स्की ने वो कमाल कर दिखाया जो कम ही महिला एथलीट कर पाती हैं। अनिता ने लगातार तीसरे ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतते हुए हैट्रिक लगा दी । 78.48 मीटर दूरी तक हैमर थ्रो कर अनिता ने अव्वल स्थान हासिल किया। अनिता इसके पहले लंदन और रियो ओलंपिक खेलों का गोल्ड मैडल भी अपने नाम कर चुकी हैं। इतना ही नहीं महिलाओं के हैमर थ्रो का वर्ल्ड रिकार्ड और ओलंपिक रिकार्ड भी 35 साल की अनिता के नाम ही दर्ज है। इसके अलावा वे चार बार वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुकी हैं।
वहीं चीन की चेंग वांग ने रजत पदक जीता। उन्होंने 77.03 मीटर दूरी तक हैमर फैंक कर दूसरे स्थान पक्का किया। वांग, दोहा 2019 वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक और लंदन 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं।जबकि पौलेंड की ही मालविना कोपरोन ने 75.49 मीटर दूरी तक हैमर थ्रो कर कांस्य पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। तीनों ही खिलाडियों का ये इस सीज़न का बेस्ट प्रदर्शन था।
लेख : विवेक शर्मा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website