Tuesday , March 10 2026 7:29 AM
Home / Uncategorized / कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त पर तलवार से हमले की कोशिश, पुलिस ने नाकाम की खालिस्तानियों की नापाक हरकत

कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त पर तलवार से हमले की कोशिश, पुलिस ने नाकाम की खालिस्तानियों की नापाक हरकत

कनाडा में भारत के उच्चायुक्त संजय कुमार वर्मा के ऊपर खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने तलवार से हमला करने की कोशिश की, जिसे कनाडा की पुलिस ने नाकाम कर दिया। घटना उस समय हुई जब वर्मा 11 मार्च को इंडो-कनाडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एडमोंटन पहुंचे थे। इस दौरान खालिस्तान समर्थकों ने वर्मा के खिलाफ अपमानजनक नारे भी लगाए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा रहा है कि हथियार लेकर आगे बढ़ रहे खालिस्तान समर्थकों को कनाडाई पुलिस के जवान धक्का देकर पीछे धकेल रहे हैं।
कनाडा में भारतीय मिशन में काम कर रहे अधिकारी पिछले कुछ समय से खालिस्तान समर्थक गुंडों के निशाने पर हैं। सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की एक अपील के बाद इसमें तेजी आई है, जिसमें पन्नू ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारतीय दूतावास को निशाना बनाने की अपील की थी। सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में जून 2023 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले को लेकर भारत और कनाडा आमने-सामने आ गए थे, जब कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इसके पीछे भारतीय एजेंटों के होने की आशंका जताई थी।