Wednesday , March 4 2026 8:20 PM
Home / Sports / लियोन के छक्के से आस्ट्रेलिया ने बंगलादेश को हराया, ड्रा कराई सीरीज

लियोन के छक्के से आस्ट्रेलिया ने बंगलादेश को हराया, ड्रा कराई सीरीज


चटगांव: आस्ट्रेलियाई गेंदबाज नाथन लियोन(60 रन पर छह विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने बंगलादेश के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे ही दिन गुरूवार को सात विकेट से जीत अपने नाम कर दो मैचों की सीरीज को 1-1 से ड्रा करा दिया। चटगांव के जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेले गये दूसरे और अंतिम टेस्ट में भी मेजबान बंगलादेशी टीम ने आस्ट्रेलिया के सामने चुनौतीपूर्ण प्रदर्शन किया। लेकिन मैच के चौथे दिन बंगलादेशी टीम अपनी दूसरी पारी में मात्र 157 रन पर ही ढेर हो गई और आस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिये 86 रन का मामूली लक्ष्य ही रख सकी।

मेहमान टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 15.3 ओवर में 87 रन बनाकर केवल 74 मिनट के अंतराल पर ही जीत अपने नाम कर पिछले मैच में मिली शिकस्त के दर्द को कुछ कम करते हुए दो टेस्टों की सीरीज को 1-1 से बराबर करा दिया। आस्ट्रेलिया को ढाका में हुए पिछले मैच में 20 रन से हार झेलनी पड़ी थी जो उसकी बंगलादेश के खिलाफ पहली शिकस्त भी थी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम के लिये मैट रेनशॉ ने 22 रन बनाये जबकि ग्लेन मैक्सवेल 25 रन पर नाबाद रहे। उन्होंने 17 गेंदों में दो चौके और दो छक्के भी लगाये और जीत की औपचारिकता को पूरा किया। हालांकि आसान लक्ष्य के बावजूद मेहमान टीम को बंगलादेश ने तीन झटके दे दिए।