
वेलिंगटन: भारत दौरे से पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर जेम्स नीशम और बल्लेबाज नील ब्रूम अक्टूबर में होने वाले भारत दौरे पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का हिस्सा नहीं होंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड(एनजेडसी) के कोच माइक हैसन ने जो शुरूआती कीवी टीम घोषित की है उसमें नीशम और नील दोनों को शामिल नहीं किया गया है। हैसन ने अभी नौ सदस्यीय टीम की घोषणा की है जबकि बाकी के छह खिलाड़यिों को मौजूदा भारत दौरे पर आयी न्यूजीलैंड ए टीम से चुना जाएगा।
नीशम और नील दोनों ही चैंपियंस ट्राफी टीम में शामिल थे लेकिन न्यूजीलैंड का प्रदर्शन काफी खराब रहा और वह नॉकआउट दौर तक भी नहीं पहुंच सकी थी। ऑलराउंडर नीशम ने तीन पारियों में 47 रन बनाये और वह टूर्नामेंट में कोई विकेट तक नहीं ले सके थे जबकि नील ने 20.33 के औसत से मात्र 61 रन ही बनाए थे।
कोच ने साफ किया कि नीशम और नील को अपने प्रदर्शन में सुधार की जरूरत है। वहीं हैसन ने कहा कि नील को मध्यक्रम में अपने पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा यह जेम्स और नील के लिये दुखद है। लेकिन हमने उनसे बात की है और उन्हें कई विभागों में सुधार की सलाह दी है। हमें यकीन है कि दोनों ग्रीष्मकालीन सत्र में वापसी करेंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website