
लंदन। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को सोमवार सुबह ब्रिस्टल में हुई एक घटना के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। स्टोक्स ने रात जेल में ही बिताई, लेकिन उन्हें आरोप लगाए बगैर छोड़ दिया गया। रविवार रात हुई घटना के समय उनके साथी एलेक्स हेल्स भी मौजूद थे। स्टोक्स और हेल्स को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैच की सीरीज के अंतिम दो वनडे से निलंबित कर दिया गया है। घटना रविवार को तीसरे वनडे में इंग्लैंड की जीत के बाद हुई थी।
उस मैच में स्टोक्स ने 73 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रिपोर्टों के अनुसार उस घटना में स्टोक्स के हाथ में चोट आई थी। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक बयान जारी कर कहा है कि बेन स्टोक्स व एलेक्स हेल्स बुधवार को ओवल में होने वाले चौथे वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
स्टोक्स को ब्रिस्टल में हुई एक घटना के बाद सोमवार तडक़े गिरफ्तार कर लिया गया था। स्टोक्स को रातभर जेल में रखा गया और जांच के तहत आरोप लगाए बगैर छोड़ दिया गया। वे लंदन में टीम के साथ नहीं रहेंगे। हेल्स भी स्टोक्स के साथ थे और उन्होंने आज सुबह अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया। वे जांच में पुलिस की मदद करने के लिए ब्रिस्टल लौट गए।
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम के उप कप्तान स्टोक्स इससे पहले भी अनुशासनहीनता के आरोप में सजा झेल चुके हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने नाइट आउट पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद वर्ष 2013 में स्टोक्स को देर रात नशा करने पर इंग्लैंड लॉयंस के दौरे से बीच में ही स्वदेश भेज दिया गया था। स्टोक्स वर्ष 2014 के टी20 विश्व कप के दौरान भी लॉकर को घूंसा जडक़र अपना हाथ तुड़वा बैठे थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website