Wednesday , March 11 2026 8:07 PM
Home / Uncategorized / बाइडेन और जिनपिंग ने फोन पर ताइवान, AI और फेंटानिल मुद्दों पर की चर्चा

बाइडेन और जिनपिंग ने फोन पर ताइवान, AI और फेंटानिल मुद्दों पर की चर्चा


अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को दोनों देशों के बीच शीर्ष नेतृत्व के बीच नियमित संवाद की बहाली को प्रदर्शित करते हुए एक फोन कॉल के दौरान ताइवान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। कैलिफोर्निया में नवंबर में हुए शिखर सम्मेलन के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बातचीत थी। उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के संबंधों और चीन से घातक फेंटानिल के प्रवाह को रोकने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। फेंटानिल एक ‘सिंथेटिक’ दर्दनिवारक औषधि है जिसका इस्तेमाल नशे के लिए भी किया जाता है। यह कॉल दोनों देशों के बीच अगले कुछ हफ्तों में होने वाले उच्च-स्तरीय संपर्क की भी शुरुआत है, जिसमें वित्त मंत्री जेनेट येलेन बृहस्पतिवार को चीन की यात्रा करने वाली हैं।
वहीं विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन आने वाले हफ्तों में चीन की यात्रा करेंगे। दोनों नेताओं ने ताइवान पर भी चर्चा की। उनकी यह बातचीत द्वीप के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति लाई चिंग-ते के अगले महीने पद संभालने से पहले हुई है। बाइडन ने अमेरिका की लंबे समय से चली आ रही “एक चीन” नीति की पुष्टि की और दोहराया कि अमेरिका ताइवान को बीजिंग के नियंत्रण में लाने के लिए जबर्दस्ती करने के किसी भी साधन का विरोध करता है। चीन ताइवान को एक घरेलू मामला मानता है और उसने इस द्वीप के लिए अमेरिकी समर्थन का कड़ा विरोध किया है। बाइडेन ने दक्षिण चीन सागर में चीन के अभियान पर भी चिंता जताई।