
जोहान्सबर्ग: नाईजीरिया की सरकार आतंकवादी संगठन बोकोहराम की ओर से अगवा की गई स्कूली छात्राओं को छुड़ाने को लेकर प्रयास कर रही है। बोको हराम ने कल एक विडियो जारी किया जिसमें उसने चिबोक से अगवा की गई लड़कियों को दिखाया।
उल्लेखनीय है कि बोको हराम ने 14 अप्रैल 2014 को चिबोक के गवर्नमेंट गर्ल्स सेकेंडरी स्कूल की 276 लड़कियों को अगवा कर लिया था। इनमें से 57 लड़कियां आतंकवादियों के कब्जे बच निकलने में सफल रही थी।
बोको हराम द्वारा जारी इस वीडियो में एक नकाबपोश कहता है, ‘‘उन्हें पता होना चाहिए कि उनकी लड़कियां अभी अभी हमारे पास हैं।’’ नकाबपोश आतंकवादी लड़कियों के सामने अपनी मांगें गिनवा रहा है। वह जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई के बदले इन लड़कियों को छुड़ाने की बात कह रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक नाईजीरियाई सरकार ने एक बयान जारी कर कहा था कि वह इस मुद्दे पर लगातार नजर बनाये हुए है और इस विडियो के पीछे के लोगों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website