Friday , April 3 2026 1:35 AM
Home / Sports / बोल्ट के ‘छक्के’ से तीसरे ODI में ऑस्ट्रेलिया हारी, न्यूजीलैंड ने जीती सीरीज

बोल्ट के ‘छक्के’ से तीसरे ODI में ऑस्ट्रेलिया हारी, न्यूजीलैंड ने जीती सीरीज

14
हैमिल्टन। ट्रेंट बोल्ट के 6 विकेट और रॉस टेलर की शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे मैच में हराकर सीरीज को 2-0 से जीत ली। न्यूजीलैंड ने मैच को 24 रनों के अंतर से जीता।

हैमिल्टन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी वनडे मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत खराब रही पर रॉस टेलर के रिकॉर्ड शतक की मदद से 281 रन बनाए। जवाब में सीरीज़ बराबर करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम ट्रेंट बोल्ट की शानदार गेंदबाजी के आगे लड़खड़ा गई।

न्यूज़ीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए शुरूआत में ही टॉम लेथम का विकेट शून्य के स्कोर पर गंवा दिया। जिसके बाद ब्रूनली और विलियमसन ने मिलकर 70 रनों की साझेदारी की जिसके बाद विलियमसन आउट हो गए।

उनके आउट होने के बाद मैदान पर रॉस टेलर आए। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और ब्रूनली के साथ 100 रनों की साझेदारी निभाई। टेलर ने साझेदारियां निभाते हुए अपने वनडे करियर का 14वां शतक लगाया और टीम को 281 रनों का मजबूत स्कोर दिया।

ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एरॉन फिंच और ट्रेविस हेड ने अर्धशतक लगाए, जबकि आखिरी ओवरों में स्टोइनिस, पेट कमिंस और मिचेल स्टार्क ने अच्छी बल्लेबाजी की पर टीम को जीत नहीं दिला सके।

पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम को न्यूजीलैंड ने हराया तो जबकि दूसरा मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। जिस वजह से न्यूज़ीलैंड ने सीरीज़ पर 2-0 से अपना कब्ज़ा जमा लिया।
बोल्ट ने चटकाए 6 विकेट
ट्रेंट बोल्ट ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीसरे वनडे में बेहद खतरनाक गेंदबाजी की और विरोधी टीम के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बोल्ट ने 10 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। उन्होंने एक ओवर मेडन भी फेंका और 3.30 के इकॉनामी के रेट से गेंदबाजी की। वनडे क्रिकेट में ट्रेंट बोल्ट का ये सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *