
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर अचानक कीव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रूस के साथ चल रहे संघर्ष में यूक्रेन को लगभग 5.4 करोड़ पाउंड के एक और बड़ी मदद की घोषणा की। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के तौर पर यह जॉनसन की यूक्रेन के राजधानी कीव की अंतिम यात्रा थी। जॉनसन अगले महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री का पद छोड़ने वाले हैं ताकि नये प्रधानमंत्री के लिए रास्ता बनाया जा सके। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद पर ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक या विदेश मंत्री लिज ट्रस के बीच से कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों द्वारा औपचारिक रूप से चुना जाएगा।
जॉनसन बोले- यूक्रेन जीत सकता है और जीतेगा : यूक्रेन के प्रति ब्रिटेन के जारी समर्थन के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए जॉनसन ने घोषणा की कि यूक्रेन जीत सकता है और जीतेगा। जॉनसन ने कहा कि पिछले छह महीनों से, ब्रिटेन यूक्रेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है, इस संप्रभु देश का इस बर्बर और अवैध आक्रमणकारी से बचाने के लिए समर्थन कर रहा है। आज का समर्थन पैकेज यूक्रेन के सशस्त्र बलों को क्षमता में एक और बढ़ावा देगा जिससे उन्हें रूसी सेना को पीछे धकेलने और अपनी स्वतंत्रता के लिए लड़ने में मदद मिलेगी। जॉनसन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात भी की।
यूक्रेन ने मनाया स्वतंत्रता दिवस : यूक्रेन ने बुधवार को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाया। इसी दिन यूक्रेन पर रूसी हमला शुरू होने के छह महीने भी पूरे हुए। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने रूसी हमलों के मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने को कहा। कीव के निवासी बुधवार सुबह सायरन की आवाज सुनकर जागे। हालांकि, हालिया महीनों में राजधानी में छिटपुट हमले हुए हैं और फिलहाल युद्ध मुख्य रूप से यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में केंद्रित है। यूरोपीय देशों के नेताओं ने यूक्रेन के लोगों के बलिदान और साहस को सलाम किया और उसे हथियारों की आपूर्ति जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया तथा हमले के लिए रूस की निंदा की। अमेरिका ने यूक्रेन की सेना को आगामी वर्षों में लड़ने में मदद करने के लिए लगभग तीन अरब डॉलर के एक बड़े नए सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा की है।
1991 में यूक्रेन को सोवियत संघ से मिली थी आजादी : यूक्रेन ने 1991 में सोवियत संघ से आजादी की घोषणा की थी। अधिकारियों ने राजधानी में बड़े जमावड़े पर प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि आशंका है कि रूस राष्ट्रीय अवकाश के मद्देनजर बमबारी कर सकता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बयान में कहा कि रूस के उकसावे की कार्रवाई और बर्बर हमले की आशंका है। कृपया सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। सायरन पर ध्यान दें। आधिकारिक घोषणाओं पर ध्यान दें। याद रखें- हम सब मिलकर जीत हासिल करेंगे। जेलेंस्की ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में कहा कि छह महीने पहले, रूस ने युद्ध की घोषणा की। 24 फरवरी को, पूरे यूक्रेन में विस्फोटों और गोलियों की आवाज सुनी गई। 24 फरवरी को, हमें बताया गया, आपके पास कोई मौका नहीं है। 24 अगस्त को हम कह रहे हैं: यूक्रेन स्वतंत्रता दिवस मुबारक।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website