
ब्रिटेन की पुलिस ने उन चार किशोरों के शव बरामद कर लिए हैं, जो सप्ताहांत में एक यात्रा के दौरान लापता हो गए थे। उनके शव एक पलटी हुई कार में बरामद किये गये हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वेल्स की पुलिस ने बताया कि वाहन से जिन किशोरों के शव बरामद किये गये हैं उनकी उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच थी। ऐसा प्रतीत होता है उत्तर पश्चिम वेल्स के ग्वेनेड में ट्रेमाडोग के पास राजमार्ग से उन्होंने अपना मार्ग बदल लिया था।
पुलिस ने बताया कि गाड़ी पलटी हुई थी और आंशिक रूप से पानी में डूबी हुई थी। सभी किशोर घूमने फिरने के इरादे से स्नोडोनिया क्षेत्र में रातभर की कैंपिंग यात्रा पर गये थे, लेकिन जब वह इंग्लैंड के श्रॉपशायर में अपने घर वापस नहीं लौटे तो पुलिस ने जेवॉन हर्स्ट, हार्वे ओवेन, विल्फ हेंडरसन और ह्यूगो मॉरिस की तलाश शुरू की।
पुलिस अधिकारी ओवेन लेवेलिन ने कहा, ‘‘हालातों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि एक दुखद दुर्घटना में उनकी मौत हुई और इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं चारों किशोरों के परिवार और दोस्तों के साथ हैं।” वेल्स के एक मंत्री मार्क ड्रेकफोर्ड ने कहा कि किशोरों की मौत ‘‘बेहद दुखद घटना” है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website