
ब्रिटेन की गृहमंत्री सुएला ब्रेवरमैन की एक टिप्पणी ने पाकिस्तान को शर्मसार कर दिया है जिससे शहबाज सरकार भड़की हुई है। ब्रेवरमैन ने कहा कि पाकिस्तानी युवक उनके देश में आकर यहां की लड़कियों का रेप करते हैं और युवाओं में ड्रग्स की लत लगाते हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से इस पर बयान जारी किया गया है। पाकिस्तान ने यूके की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन के एक बयान को ‘भेदभावपूर्ण और जेनोफोबिक यानी विदेशियों के साथ दुश्मनी की भावना से प्रेरित बताया है।
देश के विदेश मंत्रालय ने इस तरह की टिप्पणियों पर गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी दी है। सुएला ब्रेवरमैन ने पिछले दिनों स्काई न्यूज को दिए इंटरव्यू में ब्रिटिश पाकिस्तानी पुरुषों पर कड़ा प्रहार किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पाकिस्तानी युवक ब्रिटेन में गोरी अंग्रेजी लड़कियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उसने कहा कि कुछ ब्रिटिश पाकिस्तानी यूके में बच्चों के यौन उत्पीड़न का नेटवर्क चला रहे हैं। ब्रेवरमैन ने साक्षात्कार के दौरान बाल यौन शोषण से निपटने के लिए ब्रिटिश सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए ये भी कहा था कि ब्रिटिश-पाकिस्तानी पुरुष सांस्कृति दृष्टिकोण के मामले में ब्रिटिश मूल्यों पर खरे नहीं उतरते। उन्होंने कहा था, “(ब्रिटिश-पाकिस्तानी पुरुष) महिलाओं को निम्न, नाजायज तरीके से देखते हैं, और हमारे व्यवहार के प्रति पुराना और स्पष्ट रूप से जघन्य दृष्टिकोण अपनाते हैं।”
ब्रेरवमैन ने यह बताए जाने के बावूजद यह टिप्पणी की थी कि 2020 की गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्चों का यौन उत्पीड़न करने वाले ज्यादातर गिरोह 30 वर्ष से कम आयु के श्वेत पुरुषों के होते हैं और इस बात के पर्याप्त सबूत नहीं हैं कि ऐसे गिरोह में एशियाई या काले व्यक्तियों की संख्या ज्यादा होती है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने ब्रेवरमैन के इस बयान पर नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहारा बलोच ने कहा, ‘इस तरह की टिप्पणियां एक खतरनाक आदत को बढ़ावा देंगी।’
ब्रेवरमैन को अप्रवासियों पर उनके कड़े रुख के लिए जाना जाता है। ब्रेवरमैन को नेशनल सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू चिल्ड्रन (NSPCC) की तरफ से भी चेतावनी दी गई थी कि यौन उत्पीड़न करने वाले सिर्फ ‘एक बैकग्राउंड’ से नहीं आते हैं। सिर्फ नस्ल पर ध्यान देने से बाल उत्पीड़न की बात सोचना बेवकूफी होगी मुमताज जेहरा बलोच ने ब्रेवरमैन की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने “ब्रिटिश पाकिस्तानियों को अलग तरीके से निशाना बनाने और उनसे इसी तरह व्यवहार करने के इरादे से अत्यधिक भ्रामक तस्वीर” पेश की।
बलोच ने कहा कि ब्रिटिश गृह मंत्री ने कुछ व्यक्तियों के आपराधिक व्यवहार को गलत तरीके से पेश करते हुए पूरे समुदाय को एक जैसा बता दिया। उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वह (ब्रेवरमैन) संस्थागत नस्लवाद और ब्रिटिश समाज में ब्रिटिश-पाकिस्तानियों के जबरदस्त सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक योगदान को पहचानने में विफल रही हैं।”
Home / Uncategorized / ब्रिटिश मंत्री ने कहा- “UK में श्वेत लड़कियों का रेप करते हैं पाकिस्तानी, युवाओं को लगाते ड्रग्स की लत”, भड़की पाक सरकार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website