आतंकी हाफिज सईद पाकिस्तान सरकार की सिक्योरिटी में मजे से रह रहा है। ये खुलासा खुद हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद ने किया है। तल्हा ने कहा है कि हाफिज मोहम्मद सईद आराम से रहता है और उसको पूरा विश्वास है कि पाकिस्तान सरकार कभी भी उसे भारत को सौंपने जैसी बात नहीं सोचेगी। तल्हा ने एक इंटरव्यू ये तमाम बातें कही है। तल्हा बीते कुछ समय से लगातार पाकिस्तान के मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिख रहा है। माना जा रहा है कि हाफिज सईद के बिगड़ते स्वास्थ्य के बीच तल्हा ने उसकी जगह ली है।
तल्हा के इंटरव्यू का एक वीडियो क्लिप सामने आया है। इसमें तल्हा से पूछा गया कि क्या पाकिस्तान सरकार दिल्ली की वर्षों पुरानी मांग को मानते हुए हाफिज सईद को भारत को सौंप सकती है। इस पर तल्हा ने कहा, ‘पाकिस्तान सरकार किसी भी सूरत में इस तरह का कदम नहीं उठा सकती है। पाकिस्तानी एजेंसियां और सरकार अच्छे से जानती हैं कि सईद के बारे में इंडिया के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। इंडिया ने लंबे समय से हफिज सईद के खिलाफ प्रोपेगैंडा किया है। पाकिस्तान की सरकार कभी भी सईद को भारत को सौंपने की नहीं सोच सकती है। ऐसे में ये सवाल ही बेइमानी है।’
हाफिज सईद पूरी तरह सुरक्षित – हाफिज सईद के स्वास्थ्य और जेल में होने को लेकर हालिया महीनों में कई तरह की बातें होती रही हैं। हाफिज सईद जेल में है या घर और क्या कर रहा है, इस सवाल पर तल्हा ने कहा, ‘हाफिज सईद पूरी तरह से महफूज हैं और उनकी सेहत भी ठीक है। आजकल वह कुरान की तफसीर (व्याख्या) लिख रहे हैं और इबादत में ही अपना ज्यादा वक्त बिता रहे हैं। वो पूरे दिन बिजी रहते हैं और उनका एक शानदार शेड्यूल रहता है।’
तल्हा के इस इंटरव्यू से साफ है कि हाफिज मोहम्मद सईद पाकिस्तान सरकार के संरक्षण में है और उसे किसी महफूज ठिकाने पर रखा गया है। इससे पता चलता है कि पाकिस्तान सरकार दुनिया के सामने किए जा रहे अपने दावों के उलट आतंकियों को पनाह देना जारी रखे हुए है। इससे पाकिस्तान सरकार के आतंक को खत्म करने के दावों की पोल खुलती है।
Home / News / हाफिज सईद को भारत को सौंप सकती है पाक सरकार? बेटे तल्हा ने दिया जवाब, बताया क्या कर रहा है मुंबई हमले का मास्टरमाइंड