
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों के बावजूद, निचले क्रम की बल्लेबाजी और खराब गेंदबाजी के कारण टीम इंडिया को हार मिली।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 5 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमों के बीच यह मैच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतने के बाद के भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। हेडिंग्ले में जब टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने शतक लगाया तो ऐसा लगा कि अंग्रेजों की अब खैर नहीं है, लेकिन निचले क्रम की बल्लेबाजी ने पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया। एक समय ऐसा लगा कि टीम इंडिया 500 रन के स्कोर को पार करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। पहली पारी में टीम इंडिया का स्कोर 471 रन ही रह गया।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने भी जबरदस्त बैटिंग की, लेकिन इस बैटिंग में टीम इंडिया की खराब फील्डिंग ने भी उनका साथ दिया। इंग्लैंड ने 471 रन के जवाब में 465 रन बना लिए। ऐसे में भारतीय टीम को 6 रन की बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में भी ऋषभ पंत और केएल राहुल ने शतक लगाकर जीत की उम्मीद जगा दी थी, लेकिन इस बार गेंदबाजों ने बेड़ा गर्क कर दिया। दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह भी टीम इंडिया की हार को नहीं
टाल पाए। ऐसे में हेडिंल्गे में टीम इंडिया को मिली हार के बाद सोशल मीडिया पर कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर समेत टीम इंडिया के खिलाड़ियों की खूब फजीहत की जा रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website