
हैदराबाद: जबरदस्त फार्म में चल रहे चेतेश्वर पुजारा ने एक प्रथम श्रेणी सत्र में चंदू बोर्डे का 52 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पुजारा ने यहां बंगलादेश के खिलाफ चल रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन 83 रन की शानदार पारी खेल कर यह रिकॉर्ड तोड़ दिया। पुजारा के मौजूदा प्रथम श्रेणी सत्र में 13 मैचों की 21 पारियों में 89.16 के औसत से 1605 रन हो चुके हैं जिनमें छह शतक शामिल हैं।
उन्होंने बोर्डे का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 1964-65 के सत्र में 21 मैचों की 28 पारियों में 64.16 के औसत से 1604 रन बनाये थे जिसमें छह शतक शामिल थे। पुजारा के करियर में यह दूसरा मौका है जब उन्होंने एक प्रथम श्रेणी सत्र में 1500 से ज्यादा रन बनाये हैं। उन्होंने 2012-13 के सत्र में 13 मैचों में 1585 रन बनाये थे।
पुजारा और मुरली विजय के बीच दूसरे विकेट के लिए 178 रन की साझेदारी हुयी जो दोनों के बीच इस घरेलू सत्र में पांचवीं शतकीय साझेदारी है। यह किसी एक सत्र में किसी भारतीय जोड़ी द्वारा सर्वाधिक और ओवरआल दूसरी सर्वाधिक शतकीय साझेदारियां हैं। आस्ट्रेलिया के मैथ्यू हैडन और रिकी पोंटिंग के बीच 2005-06 में सात शतकीय साझेदारियां हुयी थीं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website