
कंपनी के बॉस द्वारा अच्छी परफार्मेंस देने वाले कर्मचारियों को बोनस या अन्य ईनाम देकर सम्मानित करना तो आम बात है लेकिन लेकिन कभी देखा है कि बॉस अपने कर्मचारियों के बेहतरीन परफॉर्मेंस से खुश होकर उनके पैर धो रहा हो? लेकिन चीन में कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। यहां एक कॉस्मेटिक कंपनी की दो महिला अफसरों ने बेहतरीन काम के लिए अपने 8 कर्मचारियों के पैर धोकर सम्मानित किया जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना 2 नवंबर की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्मचारियों के सम्मान के लिए बाकायदा एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था, जिसमें कर्मचारियों के पैर धोने के अलावा कंपनी की प्रेसिडेंट और एक अन्य महिला अधिकारी ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। दरअसल, कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से जो टारगेट दिया गया था, उससे कहीं अधिक उन्होंने सेल किया था। इससे कंपनी को अच्छा खासा फायदा हुआ था। यहीं वजह है कि कर्मचारियों का कुछ अलग तरीके से सम्मान किया गया।
कंपनी का कहना है कि कर्मचारियों को अवॉर्ड ऑफ द ईयर तो सभी देते हैं, लेकिन हमारा यह अनोखा सम्मान कर्मचारियों का हौसला और बढ़ाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई लोगों ने कंपनी के इस अनोखे प्रयास की सराहना की है तो वहीं कई लोगों ने इसकी आलोचना भी की है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा है कि ‘यह एक उपलब्धि है, जिसे कर्मचारी अपने रिज्यूमे में रख सकते हैं।’ वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि कर्मचारियों के पैर धोने से बेहतर होता कि उन्हें बोनस दे दिया जाता।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website