
अमेरिका में एक कल्चरल फेस्टिवल हजारों लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया। यहां फेस्टिवल बर्निंग मैन दौरान एकत्रित 70 हजार लोग कीचड़ में फंस गए हैं। सरकारी अधिकारियों ने जान बचाने के लिए उन्हें खाना-पानी बचाने के लिए कहा है। दरअसल, अमेरिका के नेवाडा राज्य में हर साल होने वाले इस फेस्टिवल में लगातार 24 घंटों तक बारिश की वजह से पूरा रेगिस्तानी इलाका कीचड़ में तब्दील हो गया। इससे लोग चल भी नहीं पा रहे हैं। अमेरिका के लैंड मैनेजमेंट ब्यूरो ने कहा कि कीचड़ के बीच गाड़ी चलाना खतरे से खाली नहीं। आगे के कुछ दिनों में और भी बारिश होने की संभावना है, ऐसे में लोगों के पास जरूरत का सारा सामान होना जरूरी है।
बर्निंग मैन फेस्टिवल दुनिया के सबसे बेजान रेगिस्तानों में से एक नेवाडा के ब्लैक रॉक सिटी में होता है। यहां लोग कैंप लगाकर कई दिनों तक रहते हैं। अब इमरजेंसी सर्विसज के अलावा इस इलाके में सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस इवेंट के ऑर्गेनाइजर्स का कहना है कि लोग कई दिनों तक यहां फंसे रह सकते हैं। बता दें कि इस फेस्टिवल की शुरुआत 1990 में हुई थी। तब यहां सिर्फ 80 लोग जुटे थे। 1993 में पहली बार यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या 1000 के आंकड़े तक पहुंची।
इस बार यहां 70 हजार से ज्यादा लोग जुटे हैं। इस फेस्टिवल का आयोजन अमेरिका में छुट्टियों के दौरान मनाया जाता है। यहां दुनियाभर से आए लोग सेलफोन, इंटरनेट जैसी अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर पारंपरिक नाच-गाने और गीत संगीत के बीच एक सप्ताह गुजारते हैं। ‘बर्निंग मैन’ नाम इसलिए पड़ा क्योंकि फेस्टिवल के आखिरी दिन यहां अपनी ही बनाई गई कलाकृतियों को जला दिया जाता है। इसके पीछे का विचार ये है कि अपनी बनाई चीज को जलाकर हम अपने अंदर के अंहकार को खत्म कर देते हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website