Tuesday , March 31 2026 9:54 PM
Home / Sports / प्लेइंग 11 से बाहर, बनाया इम्पैक्ट प्लेयर, सूर्या के साथ क्यों हो रहा ऐसा हाल? MI की टीम में क्या चल रहा है

प्लेइंग 11 से बाहर, बनाया इम्पैक्ट प्लेयर, सूर्या के साथ क्यों हो रहा ऐसा हाल? MI की टीम में क्या चल रहा है


मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम के पहले आईपीएल मैच में चोट के कारण इंपैक्ट सब के तौर पर इस्तेमाल किया गया और इसमें कोई गैर जरूरी कहानी बनाने की जरूरत नहीं है। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार ने फील्डिंग नहीं की और 8 गेंद में 16 रन बनाए। मुंबई ने केकेआर को 6 विकेट से हराया।
महेला जयवर्धने ने दी सफाई – मैच के बाद जयवर्धने से पूछा गया कि पिछले सत्र में भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बाद क्या अब सूर्यकुमार यादव को ‘इंपैक्ट सब’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा इस पर उन्होंने कहा, ‘उम्मीद है कि कोई अवांछित कहानी नहीं बनाई जायेगी। टीम खुश है। उसे अतिरिक्त ब्रेक दिया गया था जो वह चाहता था।’
चोटिल थे सूर्यकुमार यादव – उन्होंने कहा, ‘उसे मामूली सी जकड़न है और वह फील्डिंग वगैरह कर रहा था। मुझे पता है कि अगले मैच में पांच दिन का समय है तो उसे अतिरिक्त समय देना चाहता था। वह तीन चार ओवर फील्डिंग के लिए तत्पर था लेकिन मैने मना किया।’ जयवर्धने ने कहा, ‘इसलिए प्लीज कोई कहानियां मत बनाइए। मैंने कहा कि एहतियात के तौर पर ऐसा किया गया था। ये काफी अनमोल खिलाड़ी हैं और ये फैसले सोच समझकर लिए जाते हैं।’
मुंबई इंडियंस ने जीता मैच – उन्होंने खुशी जताई कि आखिरकार मुंबई इंडियंस ने पहला मैच हारने का सिलसिला तोड़ा। रोहित शर्मा (78) और रियान रिकेलटन (81) की पारियों के दम पर मुंबई ने 221 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया। कोच ने कहा, ‘यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट था। मुझे लगा कि 220 रन का स्कोर ज्यादा था और हमने 20 रन फालतू दिए लेकिन जिस तरह से रोहित और रियान ने बल्लेबाजी की देखकर बहुत अच्छा लगा।’