
बेंगलुरू: तेज बारिश के कारण बैंगलोर और हैदराबाद के बीच खेला जाने वाला 29वां मैच एक भी गेंद खेले बिना रद्द हो गया। विराट कोहली को मंगलवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से बड़ी उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने खेल धो दिया और एक भी गेंद नहीं फेंक जा सकी. दोनों ही टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
हैदराबाद की टीम आठ मैचों में नौ अंक लेकर तीसरे स्थान पर बनी हुई है जबकि बेंगलूर भी इतने ही मैचों में पांच अंक से छठे स्थान पर पहुंच गयी है। शाम में मैच से पहले बूंदाबांदी की शुरूआत हुई जो तेज बारिश में तब्दील हो गयी जिससे टास भी नहीं हो सका। एक समय एेसा लग रहा था कि मैच होगा और बेंगलूर के खिलाड़ी मैदान पर वार्म अप करते हुए भी दिखायी दिये। लेकिन लगातार बारिश होती रही और यह तेज हो गयी जिससे मैच रद्द करना पड़ा। मैदान पर कई जगह पर पानी भरा हुआ था और मैदानकर्मियों के प्रयास विफल रहे।
पांच आेवर के शूटआउट मैच का कट-आफ टाइम 11.26 था लेकिन अंपायरों ने 11 बजे ही मैच रद्द करने का फैसला किया। हैदराबाद की टीम दोनों टीमों के बीच पहले चरण के मैच में हैदराबाद में 35 रन से जीती थी जो टूर्नामेंट का शुरूआती मुकाबला भी था। कप्तान विराट कोहली की अगुवाई वाली बेंगलूर को पिछले मैच में कोलकाता से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी जिसमें टीम आईपीएल में अपने रिकार्ड न्यूनतम 49 रन स्कोर में सिमट गयी थी। वहीं हैदराबाद को अपने पिछले मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाइट से हार का मुंह देखना पड़ा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website