Friday , March 6 2026 1:33 AM
Home / Sports / पोल वॉल्ट में डुपलैंटिस वर्ल्ड रिकॉर्ड से चूके लेकिन स्वर्ण पदक जीता

पोल वॉल्ट में डुपलैंटिस वर्ल्ड रिकॉर्ड से चूके लेकिन स्वर्ण पदक जीता

32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में एथलेटिक्स स्पर्धा के पांचवें दिन के शाम के सत्र में 4 गोल्ड मैडल दांव पर थे । उसमें से सबसे पहला था पुरुषों का पोल वॉल्ट मुकाबला, जिसमें  विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद स्वीडन के आर्मों डुप्लैंटिस स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार थे और इस चैंपियन खिलाड़ी ने खेलप्रेमियों को निराश नहीं किया। और हर ऊंचाई को धीरे धीरे पार करते गए, इतना ही नहीं उन्होंने सभी ऊंचाईयां पहले प्रयास में ही पार कर ली। और आखिरी में स्वर्ण पदक जीतने के लिए 6.02 मीटर की ऊँचाई पार करते हुए अव्वल नंबर पक्का किया। डुप्लैंटिस के करियर काये पहला ओलंपिक गोल्ड मैडल है। हालांकि इस ईवेंट में नया वर्ल्ड रिकार्ड बनते-बनते रह गया। डुप्लैंटिस ने अपना स्वर्ण पदक जीतने के बाद बार की ऊंचाई 6.19 मीटर तक बढ़वाई जो कि उनके अपने वर्ल्ड रिकार्ड से 0.4 मीटर ऊंची थी लेकिन अपने तीन प्रयासों में डुप्लैंटिस इस ऊंचाई को पार नहीं कर पाए। हालांकि महज़ 21 साल की उम्र में ओलंपिक का गोल्ड, वर्ल्ड रिकार्ड होल्डर और वर्ल्ड चैंपियनशिप का रजत पदक होना भी आसान नहीं है।

पोल वाल्ट के फाइनल मुकाबले में डुप्लैंटिस से 6.19 मीटर की ऊंचाई पार करने की उम्मीद इसलिए भी की जा रही थी क्योंकि आउटडोर पोलवॉल्ट में मौजूदा 6.15 मीटर का विश्व रिकार्ड उन्हीं के पास है इसी वजह से उन्हें वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा साल 2020 का मेल एथलीट आफ द ईयर के खिताब से भी नवाजा जा चुका है। डुप्लैंटिस ने सर्गेई बुबका के 6.14 मीटर का रिकार्ड ध्वस्त किया था, हालांकि विश्व एथलेटिक्स में महान खिलाड़ी सर्गेई बुबका एक ऐसे एथलीट हैं जिन्होंने खुद के वर्ल्ड रिकार्ड को 10 से ज्यादा बार धराशाई किया है।

अमेरिका के सैम कैंड्रिक्स की गैरमौजूदगी में अमेरिका के क्रिस्टोफर नीलसन ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर जगह बनाई। नीलसन ने 5.97 मीटर की ऊंचाई पार की और ये उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। जबकि ब्राजील के थियागो ब्राज़ ने 5.87 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए कांस्य पदक जीता। टोक्यो स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे रियो 2016 के रजत पदक और लंदन 2012 के स्वर्ण पदक विजेता फ्रांस के रैनों लवाईलैं आठवें स्थान पर रहे। और कोई भी पदक नहीं जीत पाए।

लेख : विवेक शर्मा