Saturday , March 7 2026 10:47 AM
Home / Sports / फेडरर ने बर्फीले झरनों का सामना कर खाई मछली की आंखे

फेडरर ने बर्फीले झरनों का सामना कर खाई मछली की आंखे


20 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन और दिग्गज टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने स्विट्जरलैंड की एल्प्स पर्वत श्रंखला की रोमांचक यात्रा की, बर्फीले झरनों का सामना किया, मछली की आंखें खायीं और बर्फीले पहाड़ पर बैठकर पिंग पोंग मैच खेला। फेडरर ने विश्व प्रसिद्ध रोमांच प्रेमी और बेस्ट सेलिंग लेखक बेयर ग्रिल्स के साथ इस रोमांचक यात्रा का मजा लिया। फेडरर का यह रोमांचक सफर डिस्कवरी चैनल इंडिया के ‘रनिंग वाइल्ड विथ बेयर ग्रिल्स’ नाम की नई सीरीज का हिस्सा था।
यह एक रियलिटी शो है, जिसमें ग्रिल्स सभी हस्तियों को एक रोमांचक सफर पर ले जाएंगे और इस दौरान उनकी जंगल में रहने और वहां पर अपना अस्तित्व बनाए रखने की कुशलता की जांच करेंगे। इन हस्तियों में फेडरर के अलावा गेम ऑफ थ्रोंस की लीना हेडी, डॉन शेडल, अमेरिकी अभिनेता जोसफ गॉर्डन और ‘ऑरेंज इका द न्यू ब्लैक’ की अभिनेत्री उजो अडूबा शामिल हैं। ‘रनिंग वाइल्ड विथ बेयर ग्रिल्स’का प्रीमियर 20 सितंबर को रात 9 बजे डिस्कवरी चैनल और डिस्कवरी वल्र्ड एचडी पर होने जा रहा है। इस सीरीज के पहले एपिसोड में फेडरर बेयर ग्रिल्स के साथ एल्प्स पर्वत की यात्रा पर निकलेंगे।
फेडरर ने इस अनुभव पर कहा, ’’मुझे स्विस पर्वतों के बीच किसी जगह का पता दिया गया था और मैं सिर्फ इतना ही जानता हूं। यह कुछ ऐसा है जैसे मैच से पहले मेरी धड़कनें तेज हो जाती हैं। मैं टेनिस कोर्ट में भले ही एक मजबूत इंसान नजर आता हूं लेकिन अपनी जिंदगी में मुझे बहुत चीजों से डर लगता है। मेरी जिंदगी में भी कुछ डरावने पल आए हैं इसलिए ग्रिल्स मेरा हाथ थामे रहे।’’