
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। मुकाबले में आज यानी सोमवार को तीसरे दिन का खेल जारी है। भारतीय टीम ने पहली पारी में 326 रन बनाए और उसे 131 रन की बढ़त मिली।
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका : जो बर्न्स को उमेश यादव ने ऋषभ पंत के हाथों कराया कैच आउट, ऑस्ट्रेलिया को लगा पहला झटका, स्कोर 4-1
भारत की पहली पारी 326 रन पर ऑलआउट
भारत ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए, जसप्रीत बुमराह (0) आखिरी विकेट के तौर पर आउट हुए जिन्हें लियोन ने ट्रैविस हेड के हाथों कैच कराया। मेहमान टीम के लिए कैप्टन अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 112 रन बनाए जबकि रविंद्र जडेजा ने 57 रन का योगदान दिया। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया के लिए पेसर मिशेल स्टार्क और स्पिनर नाथन लियोन ने 3-3 विकेट लिए जबकि पैट कमिंस को 2 विकेट मिले। जोश हेजलवुड ने भी एक विकेट लिया।
अश्विन को हेजलवुड ने बनाया शिकार : रविचंद्रन अश्विन (14) को जोश हेजलवुड ने शिकार बनाया और लियोन के हाथों कैच करा दिया। हेजलवुड का यह दिन का पहला विकेट रहा।
गलती कर बैठे उमेश, भारत का 8वां विकेट गिरा : उमेश यादव गलती कर बैठे और लियोन के खिलाफ उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया। उन्हें स्टीव स्मिथ ने लपका। यादव ने 19 गेंद खेलीं और 1 चौके की मदद से 9 रन बनाए।
जडेजा को स्टार्क ने बनाया शिकार : पेसर मिशेल स्टार्क ने रविंद्र जडेजा (57) को पैट कमिंस के हाथों कैच कराया। जडेजा ने 159 गेंदों की अपनी पारी में 3 चौके लगाए। भारत का 7वां विकेट 306 के स्कोर पर गिरा। नए बल्लेबाज – उमेश यादव
ड्रिंक्स ब्रेक, भारत 306/6 : भारत ने पहले सेशन के ड्रिंक्स ब्रेक तक 6 विकेट पर 306 रन बना लिए हैं और उसकी बढ़त 111 रन की हो गई है।
भारत के 300 रन पूरे : पहली पारी में भारतीय टीम के 300 रन 103.5 ओवर में पूरे हुए। ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (55*) ने नाथन लियोन की गेंद पर शानदार चौका लगाया और टीम का स्कोर 6 विकेट पर 303 रन पहुंचा दिया। रविचंद्रन अश्विन (3*) भी उनके साथ क्रीज पर हैं।
जडेजा की फिफ्टी पूरी : ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 132 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पैट कमिंस के पारी के 101वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल लिया और निजी स्कोर 50 रन पर पहुंचाया। उन्होंने जश्न के तौर पर अपना बल्ला तलवार की तरह भी घुमाया।
टेस्ट करियर में पहली बार रन आउट हुए रहाणे : टीम इंडिया की कप्तानी संभाल रहे अजिंक्य रहाणे दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 112 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। पारी के 100वें ओवर की 5वीं गेंद पर जडेजा अपने अर्धशतक को पूरा करने के लिए दौड़े लेकिन रहाणे कुछ इंच से क्रीज तक नहीं पहुंच पाए। रहाणे ने 223 गेंदों की अपनी पारी में 12 चौके लगाए। नए बल्लेबाज – रविचंद्रन अश्विन
रहाणे और जडेजा उतरे : तीसरे दिन का खेल शुरू। दूसरे दिन नाबाद लौटे कप्तान अजिंक्य रहाणे और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी को उतरे। रहाणे फिलहाल 104 और जडेजा 40 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मिशेल स्टार्क दिन का पहला ओवर कर रहे हैं।
कप्तान अजिंक्य रहाणे के मुश्किल परिस्थितियों में लगाए शानदार शतक और रविंद्र जडेजा के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से भारत ने दूसरे दिन तक अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 277 रन बनाए। नियमित कप्तान विराट कोहली के पैटरनिटी लीव पर स्वदेश लौटने के कारण विषम परिस्थितियों में कप्तानी का जिम्मा संभालने वाले रहाणे ने एक कुशल सेनापति की तरह आगे बढ़कर नेतृत्व किया।
दूसरे दिन रहाणे और जडेजा की शतकीय साझेदारी : अजिंक्य रहाणे दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 104 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। उन्हें जडेजा (नाबाद 40) के रूप में अच्छा साथी मिला जिसके साथ उन्होंने छठे विकेट के लिए दूसरे दिन तक 104 रन जोड़े।
भारत ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया पर 82 रनों की बढ़त ले ली है। भारत ने दूसरे दिन रविवार का अंत अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 277 रनों के साथ किया। इस मैच में भारत की कप्तानी कर रहे अंजिक्य रहाणे नाबाद 104 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ रविंद्र जडेजा 40 रन बनाकर नाबाद हैं।
रहाणे 200 गेंदों का सामना कर 12 चौके लगा चुके हैं। वहीं जडेजा ने अभी तक 104 गेंदें खेली हैं और एक चौका ही मारा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रनों पर ढेर कर दिया था। मेहमान टीम ने दिन की शुरुआत एक विकेट के नुकसान पर 36 रनों के साथ की थी।
रहाणे ने पहले हनुमा विहारी के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े और उसके बाद पांचवें विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 57 रनों साझेदारी की। फिलहाल जडेजा के साथ 100 (104* रन) रनों से अधिक की साझेदारी कर चुके हैं।
नाबाद शतकीय पारी के दौरान अजिंक्य रहाणे बैकपेन से जूझते दिखे। इस दौरान मेडिकल टीम ने मैदान पर उनकी मदद भी की।
अजिंक्य रहाणे ने मेलबर्न में शतक जड़ते हुए एक खास रेकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम शामिल करा लिया। वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने वाले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंडुलकर, सौरभ गांगुली, विराट कोहली के बाद 5वें भारतीय कप्तान हैं।
1985 के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया में शुरुआती दो टेस्ट मैचों में बढ़त ली हो। भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रनों पर आउट कर दिया था। फिलहास उसने 5 विकेट पर 277 रन बना लिए हैं। इस तरह उसके पास 82 रनों की बढ़त है
अजिंक्य रहाणे का यह दूसरा टेस्ट शतक है, जिसे उन्होंने मेलबर्न में खेलते हुए बनाया है। इस तरह वह दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने, जिसके नाम एमसीजी पर दो शतक हैं। उनसे पहले यह रेकॉर्ड वीनू मांकड़ के नाम था।
भारत का अगर यह मैच जीतना है तो रहाणे और जडेजा को तीसरे दिन अच्छी बैटिंग करनी होगी। अब देखना होगा कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने यह जोड़ी कहां तक टिकती है।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 195 रन पर सिमटी : ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और उसकी पहली पारी पहले ही दिन 195 रन पर सिमट गई। पेसर जसप्रीत बुमराह और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कमाल का प्रदर्शन किया और दोनों ने कुल 7 विकेट झटके। बुमराह ने जहां 56 रन देकर चार विकेट चटकाए तो वहीं, रविचंद्रन अश्विन ने 25 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। डेब्यू टेस्ट खेल रहे पेसर मोहम्मद सिराज ने 40 रन देकर दो विकेट झटके।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website