Thursday , January 15 2026 7:08 AM
Home / News / रूस के पूर्व ट्रांसपोर्ट मिनिस्‍टर की गोली लगने से मौत, कुछ घंटे पहले ही व्लादिमीर पुतिन ने किया था बर्खास्त, आत्महत्या का शक

रूस के पूर्व ट्रांसपोर्ट मिनिस्‍टर की गोली लगने से मौत, कुछ घंटे पहले ही व्लादिमीर पुतिन ने किया था बर्खास्त, आत्महत्या का शक

रूस के पूर्व परिवहन मंत्री रोमन स्टारोवोइट मृत पाए गए हैं। रोमन की मौत गोली लगने से हुई है। शुरुआती जांच के बाद माना जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की है। स्टारोवोइट को सोमवार को ही राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंत्री पद से हटाया था। इसके कुछ ही घंटे बाद उनकी मौत की बात सामने आई है। रूस की जांच समिति ने कहा है कि घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्टारोवोइट को मई 2024 में रूस का परिवहन मंत्री बनाया गया था। इससे पहले 9 साल तक कुर्स्क क्षेत्र के गवर्नर रहे थे।
जांच एजेंसी के अनुसार, रोमन स्टारोवोइट का शव राजधानी मॉस्को के पास ओडिंटसोवो में उनकी कार में मिला है। उनके पास से ही एक पिस्टल बरामद हुई है। यह गन उन्हें मंत्रालय से गिफ्ट में दी गई थी। जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने कहा कि अब तक आत्महत्या को रोमन की मौत का सबसे संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि स्टारोवोइट की मौत कब हुई।
पुतिन थे रोमन से नाराज! – रूसी मीडिया के अनुसार, स्टारोवोइट को मंत्री पद से बर्खास्त करने का कारण कुर्स्क क्षेत्र में किलेबंदी के निर्माण के लिए आवंटित सरकारी धन का गबन हो सकता है। यूक्रेन ने अगस्त 2024 में इस क्षेत्र पर हमला किया था, जिससे रूस को शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी। रूसी अधिकारी यूक्रेन में सैन्य विफलताओं के लिए जिम्मेदार भ्रष्टाचार के कई मामलों की जांच कर रहे हैं।
यूक्रेन के साथ युद्ध की कुछ घटनाओं की वजह से भी पुतिन की रोमन से नाराजगी बताई जा रही थी। यूक्रेन के ड्रोन के खतरों की वजह से रूस के बड़े एयरपोर्ट पर उड़ानों को रोका गया था। इसके तुरंत बाद पुतिन ने उन्‍हें बर्खास्‍त करने का कदम उठाया। बीते साल यूक्रेन के सैनिक सीमा पार कर कुर्स्क में घुसे थे। इससे पहले वह इस क्षेत्र के गर्वनर थे। पुतिन से उनकी नाराजगी की कई वजह सामने आ रही हैं। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई तरह की अटकलें हैं।