Friday , December 26 2025 7:27 PM
Home / Spirituality / शक्कर से लेकर नमक तेल तक, जानें किस दिन क्या दान करना फायदेमंद

शक्कर से लेकर नमक तेल तक, जानें किस दिन क्या दान करना फायदेमंद


आपको हर अलग-अलग दिन क्‍या दान करना चाहिए : शास्‍त्रों और पुराणों में भी लिखा है और यह बात हम अपने घरों में बुजुर्गों के मुंह से भी सुनते आए हैं कि हमें अपनी कमाई का कुछ हिस्‍सा दान-पुण्‍य में भी खर्च करना चाहिए। ऐसा करके न सिर्फ अपने इस जन्‍म के अच्‍छे कर्मों का पुण्‍य प्राप्‍त करते हैं बल्कि परलोक में भी अपने लिए बेहतर स्‍थान प्राप्‍त करते हैं। आपको क्‍या वस्‍तुएं दान करनी हैं इस बारे में कई बार हमें पता नहीं होता है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं सप्‍ताह के 7 दिन में आपको हर अलग-अलग दिन क्‍या दान करना चाहिए।
सोमवार का दान : सोमवार का दिन भगवान शिव और चंद्रमा से संबंधित माना जाता है। इस दिन सफेद वस्‍तुओं को दान करने का सबसे अधिक महत्‍व होता है। इस दिन आप चाहें तो चावल, सफेद वस्‍त्र, सफेद पुष्‍प व मिश्री-नारियल का दान कर सकते हैं। ऐसा करने से शिवजी की विशेष कृपा के साथ आपको चंद्रमा भी मजबूत होता है।
मंगलवार का दान : मंगलवार को दान करना बेहद परमफलदायी माना जाता है। मंगलवार को लाल फूल, लाल चंदन, लाल वस्‍त्र, बादाम और तांबे के बर्तनों का दान करना सबसे शुभ माना जाता है। मंगलवार को दान करने से जहां आपका मंगल मजबूत होता है वहीं संकटमोचन बजरंगबली की कृपा भी हम सबके ऊपर बनी रहती है।
बुधवार का दान : बुधवार को दान करना हम सबके करियर के लिए बेहद फायदेमंद होता है। बुधवार को हरी वस्‍तुओं का दान करना सबसे शुभ माना जाता है। आप जरूरतमंदों को इस दिन हरी मूंग, हरे रंग के वस्‍त्र या फिर सुहागिन महिलाओं को हरी चूड़ियां दान कर सकते हैं।
बृहस्‍पतिवार का दान : बृहस्पतिवार को किया गया दान हमारे सम्‍मान की रक्षा करता है। बृहस्‍पतिवार को दान करना हमें समाज में सम्‍मान के साथ ही धन, वैभव और यश की प्राप्ति करवाता है। बृहस्पतिवार पर बृहस्पति ग्रह का प्रभाव होता है तो इस दिन पीली वस्‍तुओं का दान सबसे शुभ माना जाता है। इस दिन आपको पीले वस्‍त्र, पीले अनाज, गुड़ और स्‍वर्ण का दान करना चाहिए।
शुक्रवार का दान : शुक्रवार का दान आपको शुक्र ग्रह की शुभता प्रदान करता है। शुक्रवार का दिन मां लक्ष्‍मी को भी समर्पित होता है। इस दिन आप केसर और चावल की खीर बनाकर जरूरतमंदों को दान कर सकते हैं। इसके अलावा इस दिन आप सफेद वस्‍तुओं का दान करके लाभ प्राप्‍त कर सकते हैं। इस दिन दान करने से आपके घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके साथ ही शुक्रवार को नमक का दान भी विशेष पुण्‍यदायी होता है।
शनिवार का दान : शनिवार का दिन शनिदेव को समर्पित होता है। इस दिन शनिदेव के निमित्‍त दान करने से आपके ऊपर से शनिदेव के अशुभ प्रभाव समाप्‍त होते हैं। शनिवार को उड़द की दाल, सरसों का तेल, काले वस्‍त्रों का दान करना सबसे शुभ माना जाता है। शनिवार का दिन दान पुण्‍य करने के लिहाज से सबसे शुभफलदायी माना जाता है।
रविवार का दान : रविवार का दान सूर्यदेव को समर्पित होता है। सूर्यदेव हम सबकी कुंडली में मान-सम्‍मान के कारक माने जाते हैं। रविवार को हमें ऐसी वस्‍तुओं का दान करना चाहिए जो लाल या फिर केसरिया रंग की हों। रविवार को लाल फूल, नारंगी वस्‍त्र और लाल रंग के फलों का दान करने से आपके सम्‍मान की रक्षा होती है।