
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आर्मी चीफ जनरल सैयद आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जनरल मुनीर को ‘किंग’ की उपाधि दे देनी चाहिए। उन्होंने किसी भी डील से इनकार किया।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आर्मी चीफ जनरल सैयद आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल पद पर पदोन्नत किए जाने पर निशाना साधा है। जेल में बंद पाकिस्तानी नेता ने कहा कि जनरल आसिम मुनीर को खुद को फील्ड मार्शल की जगह किंग की उपाधि दे देनी चाहिए, क्योंकि पाकिस्तान में इस समय जंगल का कानून लागू है। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने इसी मंगलवार 20 मई को जनरल मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया। वह पाकिस्तान के इतिहास में इस पद पर पदोन्नत होने वाले दूसरे आर्मी चीफ हैं। इसके पहले पाकिस्तान में सैन्य तानाशाही की शुरुआत करने वाले जनरल अयूब खान ने खुद को फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया था।
आसिम मुनीर के प्रमोशन पर तंज – इमरान खान ने आसिम मुनीर की पदोन्नति पर तंज कसते हुए कहा, ‘माशा अल्लाह, जनरल आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल बनाया गया है। हालांकि, स्पष्ट रूप से उन्हें ‘किंग’ की उपाधि देना अधिक उपयुक्त होता, क्योंकि अभी देश में जंगल के कानून का राज है। और जंगल में केवल एक राजा होता है।’
इमरान खान ने ‘डील’ को बताया झूठ – इमरान खान ने सेना या सरकार के साथ किसी भी तरह की डील या बातचीत की अटकलों को खारिज किया और उन्हें निराधार झूठ कहा। उन्होंने कहा, ‘कोई डील नहीं हुई है, न ही कोई बातचीत चल रही है। ये निराधार झूठ है।’ हालांकि, उन्होंने सैन्य प्रतिष्ठान को बातचीत का खुला निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा, ‘देश बाहरी खतरों, आतंकवाद में वृद्धि और आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। हमें एकजुट होना चाहिए। मैंने पहले कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा, न ही अब मांगूंगा।’
भारत के हमले की चेतावनी – खान ने शहबाज शरीफ सरकार को भारत के एक और हमले के बारे में चेतावनी दी और कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में कानून केवल कमजोरों पर अपना जोर दिखाता है। उन्होंने कहा, ‘मौजूदा स्थिति दर्शाती है कि लोकतंत्र की मूल भावना को कुचला जा रहा है। जब आप यह संदेश देते हैं कि चोर जितना बड़ा होगा, वह उतना ही उच्च पद पर होगा – तो आप न्याय को दफना देते हैं।’
Home / News / फील्ड मार्शल नहीं, ‘किंग’ का टाइटल दो… जनरल आसिम मुनीर को इनाम मिलने का इमरान खान ने बनाया मजाक, बताया पाकिस्तान का सच
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website