वॉशिंगटन। आज के दौर में कोई भी जानकारी गूगल पर सर्च करते ही आपके सामने आ जाती है। यह ज्ञान का ऐसा भंडार है, जहां से कोई निराश नहीं जाता। मगर, क्या आप जानते हैं कि गूगल आपकी हर बात, हर सर्च और यहां तक कि वॉयस सर्च का भी रिकॉर्ड रखता है।
ऐसा नहीं है कि गूगल ने यह बात आपसे छिपाई है। हालांकि, यह अलग मसला है कि आपको इसके बारे में पता नहीं है। मगर, हम आपको बताने जा रहे हैं कि आप इसे कैसे देख सकते हैं।
इसके लिए आपको https://myactivity.google.com/?restrict=vaa पर जाना होगा। यह एक्टिविटी लॉग है, जिसमें आपकी हर सर्च की जानकारी दर्ज है। इसे आप देख सकते हैं और सुन भी सकते हैं।
आपने क्या सर्च किया, कब किया, किस जगह बैठ कर किया, साथ ही किस समय किया। ये सारी जानकारी गूगल के पास है। आपकी यह जानकारी कोई हैकर भी हासिल कर सकता है और उसका गलत इस्तेमाल भी कर सकता है। हालांकि, यदि आप चाहें तो इस मुश्किल से बच भी सकते हैं।
इसके लिए आपको ऊपर बताए गए वेब अड्रेस को खोलना होगा। इसके बाद अपने गूगल अकाउंट की आईडी और पासवर्ड डालकर आप खुद देख सकते हैं कि आपने क्या, कब और कहां सर्च किया है। इसे आप चाहें, तो डिलीट भी कर सकते हैं।