Sunday , March 22 2026 8:56 PM
Home / News / ज्यादा सैलरी के लालच में युवती ने रिज्यूमे में दी गलत जानकारी, दो साल की जेल

ज्यादा सैलरी के लालच में युवती ने रिज्यूमे में दी गलत जानकारी, दो साल की जेल


रिज्यूमे में गलत जानकारी देकर सरकारी नौकरी पाना ऑस्ट्रेलिया की युवती को महंगा पड़ गया। मंगलवार को कोर्ट ने वेरोनिका हिल्डा थेरिऑल्ट को 25 महीने जेल की सजा सुनाई है। 12 महीने की सजा में उसे पैरोल नहीं मिलेगी। मीडिया के मुताबिक, अदालत ने पाया कि वेरोनिका ने खुद को ‘मिस बेस्ट’ दिखाने के लिए नकली संदर्भों का सहारा लिया। अपने रिज्यूमे में उसने 185000 डॉलर की फर्जी पे-स्लिप और डॉक्टर के फर्जी लेटर को फिटनेस के लिए संलग्न किया था। उसके लिंक्डइन प्रोफाइल पर तस्वीर भी अमेरिकी सुपर मॉडल केट अप्टन की थी।

वेरोनिका को 2017 में साउथ ऑस्ट्रेलिया गवर्नमेंट के डिपार्टमेंट ऑफ प्रीमियर एंड कैबिनेट में काम पर रखा गया था। उसे मुख्य सूचना अधिकारी जैसे पद की अहम जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, उसका झूठ ज्यादा दिन तक नहीं टिक सका। एक महीने बाद ही उसकी पोल खुल गई। धोखाधड़ी के आरोप में उसे नौकरी से भी निकाल दिया गया था।

अपराध में भाई भी था शामिल
वेरोनिका के साथ उसके भाई एलन कॉर्किल को भी सितंबर में गिरफ्तार किया गया था। एलन ने वेरोनिका को मिले कॉन्ट्रैक्ट से लाखों कमाए थे। वेरोनिका के वकील ने बुधवार को मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। प्रीमियर और कैबिनेट विभाग ने भी कुछ नहीं कहा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एलन को भी दोषी ठहराते हुए सस्पेंड कर दिया गया। कॉर्किल अपनी बहन की योजनाओं में शामिल था। मंगलवार को जिला अदालत में फैसला सुनाते हुए न्यायाधीश माइकल बॉयलान ने कहा- “वेरोनिका ने अपने भाई के लिए आवास बुकिंग कंपनी वॉटिफ के लिए रेफरेंस देने की व्यवस्था की, जहां न तो उसने और न ही उसके भाई ने काम किया।”

कोर्ट ने कहा- वेरोनिका के अपराध गंभीर
जज बॉयलन ने कहा- फैसला करते समय थेरिऑल्ट के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया। लेकिन, उसके अपराध गंभीर थे। सुनवाई के दौरान वेरोनिका के वकील ने अदालत में पहले कहा था कि वेरोनिका ने अपराध करने से पहले अपनी दवाएं लेना बंद कर दीं, लेकिन अभी भी उसका इलाज चल रहा है।