
तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में कप्तान विराट कोहली के नाबाद 94 रनों की पारी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टी-20 सीरीज में भारत ने 1-0 से बढ़त बना ली है। केएल राहुल और विराट कोहली के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के दिए 208 रनों के विशाल लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
वेस्टइंडीज की पारी
इससे पहले शिमरन हेटमायेर और केरन पोलार्ड ने मध्य के ओवरों में एक्सीलेटर पर वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और भारत को 208 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर विंडीज को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। मेहमान टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 207 रनों का स्कोर बोर्ड पर टांग दिया। इसमें हेटमायेर ने 56 और पोलार्ड ने 39 रनों का योगदान दिया।
अंत में जेसन होल्डर की नौ गेंदों पर 24 रनों की पारी ने भी विंडीज को 200 पार ले जाने में बड़ा रोल अदा किया।
दीपक चहर ने दूसरे ओवर में ही लेंडल सिमंस (2) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई और लगा कि भारतीय गेंदबाज कप्तान के फैसले को सही साबित कर मेहमान टीम को बड़ा स्कोर नहीं करने देंगे।
लेकिन, दूसरे सलामी बल्लेबाज एविन लुइस और ब्रेंडन किंग ने दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी कर भारत के मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया। लुइस ने 17 गेंदों की पारी में चार छक्के और तीन चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 40 रन बनाए। लुइस के रूप में विंडीज ने अपना दूसरा विकेट खोया। 64 के कुल स्कोर पर वॉशिंगटन सुंदर ने उनको आउट किया।
टीम को सौ का आंकड़ा पार कराने के बाद किंग, रवींद्र जडेजा की गेंद पर ऋषभ पंत द्वारा स्टम्पिंग कर दिए गए। उन्होंने 23 गेंदों पर 31 रन बनाए।
यहां से हेटमायरे और पोलार्ड ने मोर्चा संभाला। दोनों ने अपने अंदाज के मुताबिक तेजी से रन बटोरे। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 18वें ओवर में इन दोनों को आउट कर भारत को थोड़ी राहत दी। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की।
इसी के साथ चहल ने टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर ली। चहल ने 35 मैचों में 52 विकेट लिए हैं जबकि अश्विन के नाम 46 मैचों में 52 विकेट हैं।
हेटमायेर ने 41 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। वहीं पोलार्ड ने 19 गेंदों पर चार छक्के और एक चौके की सहायता से 39 रनों का योगदान दिया।
भारत को यहां राहत नहीं मिली क्योंकि होल्डर ने इन दोनों के बचे काम को चौकों और छक्कों से अंजाम दिया। होल्डर ने अपनी पारी में दो छक्के और एक चौका लागया। उनके साथ दिनेश रामदीन सात गेंदों पर एक चौका लगाकर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत के लिए चहल ने दो विकेट लिए। सुंदर, जडेजा, चहर के हिस्से एक-एक सफलता आई।
टीमें :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, दीपक चहर और भुवनेश्वर कुमार।
वेस्टइंडीज : केरन पोलार्ड (कप्तान), शेल्डन कॉटरेल, शिमरन हिटमायेर, जेसन होल्डर, ब्रेंडन किंग, इविन लुइस, खारी पीएरे, दिनेश रामदीन, लेंडल सिमंस, हेडन वॉल्श जूनियर, किसरिक विलियम्स।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website