
पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान ने स्वीकार किया है कि उनकी सरकार गिराने की विपक्ष की कोशिशों के बीच इस साल मार्च में उन्होंने थल सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के कार्यकाल में विस्तार की पेशकश की थी। इमरान खान की यह टिप्पणी पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम के गुरुवार को किए गये खुलासे के बाद आई है। आईएसआई चीफ ने कहा था कि सेना प्रमुख जनरल बाजवा को इस साल मार्च में उनके कार्यकाल में अनिश्चितकालीन विस्तार के लिए एक आकर्षक प्रस्ताव दिया गया था।
ISI चीफ ने इमरान पर लगाया था आरोप – आईएसआई प्रमुख नदीम अंजुम ने इमरान खान का नाम लिये बगैर कहा था कि यह पेशकश मेरे समक्ष की गई थी। उन्होंने (जनरल बाजवा ने) इसे खारिज कर दिया क्योंकि वह चाहते थे कि संस्थान विवादास्पद भूमिका से संवैधानिक भूमिका की ओर बढ़े। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की खबर के मुताबिक, इमरान खान ने गुरुवार को 92न्यूज टीवी को बताया कि उन्होंने सेना प्रमुख से कहा था कि यदि विपक्ष ने कार्यकाल में विस्तार करने की पेशकश करेगा तब वह ऐसा कर सकते हैं।
इमरान बोले- मैंने बाजवा को दी थी चेतावनी – उन्होंने कहा कि मैंने जनरल बाजवा को बार-बार चेतावनी दी थी कि यदि यह अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया तो इसका अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रभाव पड़ेगा और कोई इसे काबू नहीं कर पाएगा। इमरान खान ने कहा कि उन्होंने सेना के शीर्ष नेतृत्व से यह भी कहा कि यदि वे गैर-राजनीतिक विषय थे तो उन्होंने राजनीतिक विषयों पर चर्चा के लिए संवाददाता सम्मेलन क्यों किया।
इमरान ने शुरू किया आजादी मार्च – लेफ्टिनेंट जनरल अंजुम ने पाकिस्तान के इतिहास में किसी आईएसआई प्रमुख के तौर पर पहली प्रेस वार्ता को गुरुवार को संबोधित किया था। इमरान खान ने संघीय राजधानी की ओर रैली की पूर्व संध्या पर एक वीडियो बयान में और अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ को संबोधित करते हुए लोगों को देश की असली आजादी के लिए इस आंदोलन में शामिल होने का अनुरोध किया।
Home / News / हां! मैंने जनरल बाजवा को कार्यकाल विस्तार की पेशकश की थी… इमरान खान ने कबूला ISI चीफ का आरोप
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website