
इस्लामाबाद: इमरान खान की पूर्व पत्नी रेहम खान की आने वाली किताब का कुछ हिस्सा ऑनलाइन लीक हो गया है। रेहम के इस खुलासे को लेकर पाकिस्तान में बवाल खड़ा हो गया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पी.टी.आई.) का आरोप है कि रेहम खान को इस किताब के लिए नवाज शरीफ की पार्टी से 10 हजार पौंड यानी करीब 90 लाख रुपए मिले हैं। यह पैसे नवाज शरीफ के भाई शहबाज शरीफ ने दिए हैं।
पाकिस्तान में अपने क्रिकेट करियर और राजनीतिक करियर से कहीं ज्यादा अपनी शादियों को लेकर चर्चा के केन्द्र में रहने वाले इमरान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार भी वजह उनकी एक पुरानी शादी है। बताया जा रहा है कि रेहम खान की आने वाली किताब उनके और इमरान के वैवाहिक संबंधों के इर्द-गिर्द लिखी गई है।
पी.टी.आई. के समर्थक और पाकिस्तानी अभिनेता हमजा अली अब्बासी ने किताब के लीक हिस्से को लेकर एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने जिक्र किया कि किस तरह उन्हें रेहम खान की इस किताब को पढऩे का खराब अनुभव हासिल हुआ। हमजा अली के अनुसार किताब का संक्षेप यह है कि इमरान खान इस दुनिया के सबसे बुरे शख्स हैं और रेहम पाक-साफ, धार्मिक महिला हैं। वहीं शहबाज शरीफ (पूर्व पी.एम. नवाज शरीफ के भाई) एक बेमिसाल इंसान हैं।
रेहम ने आरोपों को किया खारिज
हालांकि रेहम खान ने अपने ऊपर लगे इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के एक निजी टी.वी. चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने कभी भी मरियम शरीफ से मुलाकात नहीं की और न ही उन्हें शहबाज शरीफ ने कोई पैसे दिए हैं। रेहम खान ने कहा कि मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर पी.टी.आई. के नेता मेरी किताब को लेकर डर क्यों फैला रहे हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website