Wednesday , March 4 2026 9:50 PM
Home / Sports / IND-AUS-D/L: भारत ने जीत से किया सीरीज का आगाज, आस्ट्रेलिया को दी 26 रनों से मात

IND-AUS-D/L: भारत ने जीत से किया सीरीज का आगाज, आस्ट्रेलिया को दी 26 रनों से मात


चेन्नई: आलराउंडर हार्दिक पांड्या (83) और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (79) के बेहतरीन अर्धशतकों और फिर गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन से भारत ने वर्षा प्रभावित पहले वनडे में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को रविवार को 26 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पांड्या और धोनी ने भारत को पांच विकेट पर 87 रन की नाजुक स्थिति से उबरते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 281 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू होने से बारिश आने के कारण काफी देर तक खेल रुका रहा। खेल शुरू होने पर ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 21 ओवर में 164 रन बनाने का लक्ष्य मिला लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सधे प्रदर्शन के सामने नौ विकेट पर 137 रन ही बना पाई।

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 30 रन पर तीन विकेट झटक लिए जिसमें खतरनाक बल्लेबाजी कर रहे ग्लेन मैक्सवेल का विकेट भी शामिल था। मैक्सवेल ने मात्र 18 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 39 रन ठोके। पांड्या ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी धमाल मचाते हुए 28 रन पर दो विकेट लिए। पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीवन स्मिथ(1) को भी पवेलियन भेजा। ओपनर डेविड वार्नर (25) को चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने आउट किया। कुलदीप ने 33 रन पर दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक विकेट मिला। जेम्स फाकनर 32 रन पर नाबाद रहे। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उसकी शुरुआत खौफनाक रही और छठे ओवर तक उसने अपने तीन विकेट 11 रन पर गंवा दिए।

भारत ने फिर 87 रन तक जाते जाते अपने पांच विकेट गंवा दिये। लेकिन इसके बाद पांड्या ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए अर्धशतक जमाया जबकि धोनी ने शुरुआत में सावधानी रखने के बाद अर्धशतक के बाद जाकर अपने हाथ खोले। पांड्या ने मात्र 66 गेंदों पर 86 रन में पांच चौके और पांच छक्के उड़ाए। धोनी अपने अर्धशतक तक धीमे रहे। लेकिन इसके बाद उन्होंने भी अपने पुराने तेवर दिखाए। धोनी ने 88 गेंदों पर 79 में चार चौके और दो छक्के मारे। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 30 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पांड्या और धोनी ने छठे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की जबकि धोनी और भुवनेश्वर ने सातवें विकेट के लिए 72 रन जोड़े।