
पुणे: भुवनेश्वर कुमार की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और दिनेश कार्तिक के अर्धशतकों से भारत ने दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में आज यहां न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर की। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह 100वां वनडे मैच था जिसमें मेजबान टीम ने जीत का अर्धशतक पूरा करते हुए 50वीं जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने 44 मैच जीते हैं। भारत ने 231 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए धवन (68) और कार्तिक (नाबाद 64) की पारियों की बदौलत 24 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 232 रन बनाकर जीत दर्ज की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। धवन ने इसके अलावा कप्तान विराट कोहली (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 जबकि काॢतक ने हार्दिक पंड्या (30) के साथ चौथे विकेट के लिए 59 रन भी जोड़े।
भारतीय गेंदबाजों ने की शानदार गेंदबाजी
इससे पहले स्टिंग के बादशाह भुवनेश्वर (45 रन पर तीन विकेट), युजवेंद्र चहल (36 रन पर दो विकेट) और जसप्रीत बुमराह (38 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की टीम नौ विकेट पर 230 रन ही बना सकी। पंड्या (23 रन पर एक विकेट) और अक्षर पटेल (54 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स (42), कोलिन डि ग्रैंडहोम (41) और टाम लैथम (38) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। मिशेल सेंटनर (29) और टिम साउथी (नाबाद 25) ने अंत में नौवें विकेट के लिए 32 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। श्रृंखला का तीसरा और निर्णायक मैच 29 अक्तूबर को कानपुर में होगा। इससे पूर्व इस मैच के आयोजन पर ही सवालिया निशान लग गया था जब बीसीसीआई ने महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के क्यूरेटर पांडुरंग सलगांवकर को कथित तौर पर एक टीवी चैनल के स्टिंग आपरेशन के दौरान यह दावा करने पर निलंबित कर दिया कि वह मैच से पहले पिच से छेड़छाड़ कर सकते हैं। आईसीसी के पर्यवेक्षक ने पिच के निरीक्षण के बाद मैच के आयोजन को स्वीकृति दे दी।
कार्तिक ने चाैके से खोला खाता
लक्ष्य का पीछा करने भारत ने पांचवें ओवर में ही रोहित शर्मा (07) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने साउथी की गेंद पर कोलिन मुनरो को आसान कैच थमाया। धवन और कप्तान कोहली ने इसके बाद पारी को संवारा। धवन ने साउथी पर पारी का पहला छक्का जड़ा जबकि कोहली ने बोल्ट की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाकर आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। कोहली हालांकि ग्रैंडहोम की गेंद पर विकेटकीपर लैथम को कैच दे बैठे। उन्होंने 29 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा। धवन और कार्तिक ने इसके बाद पारी को संभाला। कार्तिक ने अपनी पहली गेंद पर ग्रैंडहोम पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन इसके बाद भारत को अगली बाउंड्री के लिए 59 गेंद का इंतजार करना पड़ा। धवन और कार्तिक ने हालांकि इस दौरान रन गति कम नहीं होने दी। कार्तिक ने ग्रैंडहोम पर ही चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website