Monday , February 9 2026 12:42 PM
Home / Sports / India Vs SA 3rd Test आज से: कोहली पर 2 रिकॉर्ड बचाने का दबाव, सीरीज गंवा चुकी है टीम इंडिया

India Vs SA 3rd Test आज से: कोहली पर 2 रिकॉर्ड बचाने का दबाव, सीरीज गंवा चुकी है टीम इंडिया


जोहानिसबर्ग. दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना होने से पहले मौजूदा टीम इंडिया को भारत की सबसे मजबूत टेस्ट टीम और विराट कोहली को सबसे दमदार कप्तान कहा जा रहा था। लगातार दो टेस्ट मैच हारकर भारत ने सीरीज गंवा दी है। अब अगर उसे तीसरे और आखिरी टेस्ट में हार टालने में कामयाबी नहीं मिली, तो यही टीम इंडिया भारत की अब तक की सबसे कमजोर टेस्ट टीम और विराट कोहली सबसे कमजोर कप्तान साबित हो जाएंगे। ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि इससे पहले के छह दौरों में भारत ने जोहानिसबर्ग में चार टेस्ट खेले हैं और उसे एक में भी हार नहीं मिली है। साथ ही दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का क्लीन स्वीप कभी नहीं हुआ है। विराट पर इन दोनों रिकॉर्ड को कायम रखने की जिम्मेदारी होगी।

सीरीज की सबसे तेज पिच
– पिच पर काफी घास छोड़ी गई है। अगर मैच के दिन इसमें कटौती नहीं की गई तो यह सीरीज की सबसे तेज पिच साबित हो सकती है। इतनी तेज कि दक्षिण अफ्रीका 5 तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की प्लानिंग बना रहा है।

– विराट इस मैच में किन 11 खिलाड़ियों को मौका देंगे, यह उनके अलावा शायद ही कोई और जानता है। दक्षिण अफ्रीका से आ रही रिपोर्टों के मुताबिक अजिंक्य रहाणे का खेलना फिलहाल तय माना जा रहा है।

बारिश की आशंका
– मैच के दौरान पांचों दिन थोड़ी-बहुत बारिश होने की आशंका है। हालांकि, पहले दो दिन कम बारिश की भविष्यवाणी की गई है।

इस मैदान के कुछ फैक्ट्स:

– वर्नोन फिलेंडर: वे 50वां टेस्ट मैच खेलेंगे। यहां उन्होंने 18.33 के औसत से 21 विकेट लिए हैं।

– पिछले चार टेस्ट:3.25 रन प्रति ओवर रन रेट रहा है। हर 28 रन पर एक विकेट भी गिरा।

विराट लंबे समय तक कप्तान नहीं रह पाएंगे: स्मिथ
– दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ को नहीं लगता है विराट कोहली लंबे समय तक टीम इंडिया के कप्तान रह पाएंगे।

– स्मिथ के मुताबिक, विराट अपने साथी खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा पाने में सफल नहीं रहे हैं। स्मिथ को यह भी लगता है कि विराट के रुख से भारतीय टीम का माहौल बेहतर होने की बजाय खराब ही हुआ है। स्मिथ दक्षिण अफ्रीकी टेलीविजन नेटवर्क के एक इवेंट में बोल रहे थे। वहां भारत के पूर्व ओपनर सुनील गावसकर भी मौजूद थे।

– स्मिथ ने कहा कि विराट को सपोर्ट स्टाफ में एक ऐसा व्यक्ति चाहिए जो उनसे बात कर सके, उनके फैसलों पर डिबेट करे और कभी-कभी अलग आइडिया के साथ चुनौती भी दे सके। विराट ने अब तक 34 टेस्ट मैच में कप्तानी की है और हर मैच में उन्होंने टीम में बदलाव किए हैं।

संभावित प्लेइंग इलेवन

– टीम इंडिया: मुरली विजय, लोकेश राहुल, पुजारा, विराट कोहली, रहाणे, पार्थिव, हार्दिक पंड्या/रोहित शर्मा, अश्विन, भुवनेश्वर, इशांत शर्मा और शमी।
– दक्षिण अफ्रीका:डीन एल्गर, एडेन मार्करम, अमला, डिविलियर्स, डुप्लेसिस, डिकॉक, वर्नोन फिलेंडर, फेलुकावायो, रबाडा, मोर्कल और लुनगी एंगिडी।