Monday , February 9 2026 9:29 PM
Home / Sports / India vs South Africa 1st Test: भारत के सामने अब टेस्ट जीतने के लिए कड़ी चुनौती

India vs South Africa 1st Test: भारत के सामने अब टेस्ट जीतने के लिए कड़ी चुनौती


भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में जीत हासिल करने के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करना होगा। भारत को दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी को चौथे दिन शनिवार को जल्दी समेटने के बाद आक्रामक बल्लेबाजी कर विशाल बढ़त लेनी होगी। भारतीय गेंदबाजों को इसके बाद अंतिम दिन सुधरा हुआ प्रदर्शन कर मेहमानों की दूसरी पारी को जल्दी समेटना होगा तभी जीत नसीब होगी।
भारत के पहली पारी के (502/7 पारी घोषित) के जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे दिन की समाप्ति तक पहली पारी में 118 ओवरों में 8 विकेट पर 385 रन बना लिए हैं। सेनुरान मुथुस्वामी 12 और केशव महाराज 3 रन बनाकर क्रीज पर हैं। द. अफ्रीका अभी भारत के पहली पारी के स्कोर से 117 रन पीछे है जबकि उसके 2 विकेट शेष है।
सीरीज शुरू होने से पहले ऐसा माना जा रहा था कि भारत के लिए अपेक्षाकृत कमजोर दक्षिण अफ्रीकी टीम को हराना आसान होगा लेकिन अनुभवी डीन एल्गर और क्विंटन डी कॉक ने शतकीय पारियां खेल अपनी टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। एल्गर ने 160 रनों की शानदार पारी खेली, वे इस शतक को हमेशा याद रखेंगे क्योंकि भारत में भारतीय स्पिनरों का सामना करते हुए उन्होंने इतनी महत्वपूर्ण पारी खेली हैं। क्विंटन डी कॉक का सीमित ओवरों में तो भारत के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड रहा है और उन्होंने अब टेस्ट क्रिकेट में और विशेषकर भारत में पहले टेस्ट में शानदार शतक जड़ते हुए अपनी टीम को खराब स्थिति से उबार दिया। डी कॉक के शतक (111) और उनके तथा एल्गर के बीच छठे विकेट के लिए 164 रनों की साझेदारी से ही मेहमान टीम संभली थी।

भारतीय गेंदबाजों को अब चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के दो विकेट जल्दी समेटने होंगे। भारत चाहेगा कि पहली पारी में उसे 100 रनों की बढ़त मिले। इसके बाद उसके बल्लेबाजों को आक्रामक अंदाज में खेलकर 275 के करीब रन बनाना होंगे। भारतीय टीम प्रबंधन की इच्छा रहेगी कि मेहमान टीम के सामने 375 रनों के आसपास का टारगेट रखा जाए और उन्हें चौथे दिन ही कुछ समय के लिए बल्लेबाजी के लिए बुला लिया जाए। इसके बाद सारा दारोमदार गेंदबाजों पर आ जाएगा कि उन्हें अपना दम दिखाना होगा। द. अफ्रीकी बल्लेबाज पहली पारी में तो उनके जाल में नहीं उलझे लेकिन दूसरी पारी में अन्य बल्लेबाजों को भी रविचंद्रन अश्विन का साथ देना होगा तभी टीम इंडिया के पास इस मैच को जीतने के अवसर होंगे।