
वाशिंगटन: भारत के 34 वर्षीय व्यक्ति को अमेरिका में लास वेगास से डेट्रायट की एक उड़ान के दौरान एक महिला सहयात्री से यौन उत्पीडऩ के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
‘वाशिंगटन पोस्ट’ की खबर के मुताबिक प्रभु राममूर्ति पर यौन उत्पीडऩ के गंभीर आरोप लगे हैं। खबर के मुताबिक आरोपी को वीरवार को एक संघीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे जमानत नहीं दी। राममूर्ति पर बुधवार को लास वेगास से डेट्रायट की एक उड़ान के दौरान बगल में विंडो सीट पर बैठी 22 वर्षीय महिला के उत्पीडऩ का आरोप है। व्यक्ति की दूसरी तरफ उसकी पत्नी बैठी थी।
पीड़िता ने जांचकर्ताओं को बताया कि उड़ान के दौरान वह सो गई थी और आरोपी ने इस दौरान उसका यौन उत्पीडऩ किया। जागने पर उसने खुद के कपड़ों को अस्त व्यस्त पाया। खबर में शिकायत का उल्लेख किया गया है, जिसके मुताबिक महिला ने विमान के पिछले हिस्से में जाकर फ्लाइट अटेंडेंट से घटना की शिकायत की। अदालती दस्तावेजों के मुताबिक विमान के उतरने के बाद राममूर्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
राममूर्ति ने अपने लिखित बयान में कहा है कि वह दवा खाकर गहरी नींद में सो गए थे और उन्होंने कुछ भी नहीं किया है। आरोपी प्रौद्योगिकी से जुड़े एक संगठन में पिछले ढाई साल से प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website