
सिंगापुरः सिंगापुर में एक भारतीय को फेसबुक पर देश के फटे हुए झंडे की तस्वीर पोस्ट करना महंगा पड़ गया। 14 अगस्त को हुई इस घटना को लेकर सिंगापुर के डीबीएस बैंक में काम करने वाले अविजीत दास पटनायक (44) की नौकरी चली गई। पटनायक ने ‘सिंगापुर इंडियन्स एंड एक्सपैट्स’ नामक समूह के फेसबुक पेज पर एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें एक टी-शर्ट पर सिंगापुर के झंडे को फटा हुआ दिखाया गया, ताकि उसके नीचे भारतीय झंडा दिख सके।
पुलिस के हवाले से चैनल न्यूज एशिया ने कहा, “जांच के बाद अटॉर्नी जनरल के चेंबर्स के साथ परामर्श पर पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी जारी की है।” पुलिस ने बताया कि सिंगापुर आर्म्स एंड फ्लैग एंड नेशनल एंथम रूल्स के अंतर्गत भारतीय से पूछताछ की गई है, जिसमें यह कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति ध्वज का अनादर नहीं करेगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक पोस्ट को लेकर पुलिस की रिपोर्ट आने के करीब दो महीने बाद तीन अक्टूबर को उन्हें चेतावनी जारी गई। पटनायक 9 वर्षों से सिंगापुर में स्थायी निवासी के तौर पर रह रहे हैं। उनके साथ पत्नी और उनके दो बच्चे भी रह रहे हैं। कुछ लोगों ने उस पोस्ट को सिंगापुर के लिए अपमानजनक बताया था। गौरतलब है कि उस घटना के बाद डीबीएस बैंक ने अपनी आंतरिक जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई में उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। वह अभी बेरोजगार हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website