
ईरान में हिजाब को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच ‘जॉम्बी’ एंजलिना जोली को रिहा कर दिया गया है। सहर तबर नाम से प्रसिद्ध इस ईरानी महिला का वास्तविक नाम फतेमेह खिशवंद है। यह महिला एंजेलिया जोली जैसी डरावनी तस्वीरें पोस्ट करने के लिए इंस्टाग्राम पर मशहूर हुई थी। अब जेल से रिहा होने के बाद इस महिला ने अपना वास्तविक चेहरा उजागर किया है। सहर तबर को अक्टूबर 2019 में भ्रष्टाचार और ईशनिंदा के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और 10 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। लेकिन, महसा अमीनी की मौत के बाद देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सहर तबर को 14 महीन बाद ही रिहा कर दिया गया था। दावा किया जाता है कि सहर तबर ने एंजलिना जोली की तरह दिखने के लिए अपने चेहरे की कॉस्मेटिक सर्जरी कराई थी।
इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, अपनी रिहाई के बाद 21 वर्षीय सहर तबर ने आखिरकार इस हफ्ते कैमरों के सामने अपना असली रूप दिखाया। कई लोगों ने उनकी रिहाई के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया था। इनमें एक्टिविस्ट मसीह अलीनेजाद भी शामिल हैं। जब उसे जेल हुई थी, तब अलीनेजाद ने ट्वीट किया था, “सहर तबर केवल 19 वर्ष की है। उसके मजाक ने उसे जेल में डाल दिया। उसकी मां अपनी मासूम बेटी को छुड़ाने के लिए हर दिन रोती है। प्रिय एंजेलिना जोली, हमें यहां आपकी आवाज की जरूरत है। हमारी मदद करें।”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website