Thursday , August 7 2025 11:46 AM
Home / News / इराक ने घटाई लड़कियों की शादी की उम्र, संसद में विवादित कानून पास, जानें शिया और सुन्नी के लिए क्या होगी आयु

इराक ने घटाई लड़कियों की शादी की उम्र, संसद में विवादित कानून पास, जानें शिया और सुन्नी के लिए क्या होगी आयु


इराक की संसद ने उस विवादित संसोधित विधेयक को मंजूरी दे दी है जो लड़कियों की शादी की उम्र को घटाकर 9 साल कर देगा। महिला अधिकार समूहों ने इन कानूनों के पारित होने को भयावह बताया है। देश में शिया और सुन्नी के लिए शादी की अलग-अलग उम्र होगी।
इराक की संसद ने मंगलवार को विवादित संशोधित विधेयक को मंजूरी दे दी है, जिसने इस्लामिक देश में बाल विवाह को वैध बना दिया है। दशकों पुराने कानून में संशोधन के बाद अब 9 साल की उम्र की लड़कियों की भी शादी की जा सकती है। इराकी संसद की वेबसाइट पर बताया गया है कि उसने ‘व्यक्तिगत स्थिति कानून में संशोधन का प्रस्ताव’ और साथ ही ‘सामान्य माफी कानून का दूसरा संशोधन’ स्वीकार कर लिया है। महिला अधिकार समूहों ने इन कानूनों के पारित होने को भयावह बताया है। उनका कहना है कि यह चाइल्ड रेप को वैध बना देगा।
मौलवियों को दिया गया अधिकार – इराक में महिलाओं के लिए अब तक शादी के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष थी, लेकिन नए संसोधन के बाद मौलवियों को विवाह, तलाक और बच्चों की देखभाल समेत पारिवारिक मामलों पर फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। कानून के सबसे प्रमुख विरोधियों से एक वकील मोहम्मद जुमा ने कहा, हम इराक में महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के अंत तक पहुंच चुके हैं। इराकी पत्रकार साजा हाशिम ने कहा, यह तथ्य कि महिलाओं के भाग्य फैसला मौलवियों के हाथ है, भयावह है। मुझे एक महिला के रूप में अपने जीवन में आने वाली हर चीज से डर लगता है।
शिया और सुन्नी के लिए अलग उम्र – गॉर्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, इराक में बहुसंख्यक शिया मुसलमानों के लिए लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 9 वर्ष होगी, जबकि सुन्नी मुस्लिम के लिए यह 15 वर्ष होगी। निर्दलीय सांसद सज्जाद सलीम के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘इराकी राज्य ने कभी भी ऐसी गिरावट और अपवित्रता नहीं देखी है, जिसने इराक की संपत्ति और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया हो जैसा कि हम आज देख रहे हैं।’
इराक में बाल विवाह एक पुराना मुद्दा रहा है। साल 2023 में आए संयुक्त राष्ट्र सर्वेक्षण में पाया गया था कि देश में 28 प्रतिशत लड़कियों की शादी 18 साल की उम्र से पहले ही हो जाती है। कम उम्र की लड़कियों को गरीबी से बचने के मौके के रूप में शादी की पेशकश की जाती है। कम उम्र में हुई कई शादियां असफल हो जाती हैं, जिससे युवा महिलाओं को जीवन भर दुष्परिणाम भुगतने पड़ते हैं।