Wednesday , March 4 2026 9:59 PM
Home / Uncategorized / अपने 8 बंधकों की रिहाई बदले हमास के 110 कैदी छोड़ेगा इजराइल, युद्धविराम डील के बीच इजराइली हमले में 10 फिलीस्तनियों की मौत

अपने 8 बंधकों की रिहाई बदले हमास के 110 कैदी छोड़ेगा इजराइल, युद्धविराम डील के बीच इजराइली हमले में 10 फिलीस्तनियों की मौत


गाजा में इस महीने की शुरुआत में संघर्ष विराम लागू होने के बाद तीसरी बार बंधकों-कैदियों की अदला-बदली के तहत बृहस्पतिवार को हमास तीन इजराइली और पांच थाई बंधकों को छोड़ेगा जबकि इजराइल 110 फलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इस बीच इजराइली सेना द्वारा कब्जे वाले क्षेत्र वेस्ट बैंक के शहर तमुन में किए हवाई हमले में कम से कम 10 फिलिस्तीनी मारे गए।
संघर्ष विराम समझौते के तहत जिन इजराइलियों को रिहा किया जाना है, उनमें महिला सैनिक आगम बर्जर (20), अर्बेल येहूद (29) नामक महिला और 80 वर्षीय व्यक्ति गेडी मोसेज शामिल हैं। बृहस्पतिवार को रिहा किए जाने वाले थाई नागरिकों की तत्काल पहचान नहीं हो पाई है। दूसरी ओर, इजराइल की जेलों से रिहा होने वाले 110 लोगों में से 30, इजराइलियों के खिलाफ घातक हमलों के दोषी पाए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। रिहा होने वालों में पूर्व चरमपंथी जकारिया जुबैदी शामिल हैं, जो 2021 में जेल से भाग गया था। हालांकि कुछ दिन बाद उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया था।
बता दें कि 5 लाख से अधिक फिलिस्तीनी उत्तर गाजा लौट चुके हैं। वहां मदद की भारी कमी है और लोग अधिक मानवीय सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इज़राइल ने आज से संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNRWA पर प्रतिबंध लागू कर दिया है। यह प्रतिबंध पूर्वी यरुशलम, गाजा और पश्चिम तट में लागू होगा। युद्ध में 7 अक्टूबर 2023 से अब तक गाजा में इज़रायली हमलों में 47,417 फिलिस्तीनी मारे गए और 111,571 घायल हुए। हमास के हमलों में इज़राइल में 1,139 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया गया था।