Monday , February 16 2026 4:23 AM
Home / Uncategorized / स्पेस मार्केट में ISRO का दबदबा, 2014 से अब तक अमेरिका-जर्मनी समेत 34 देशों के लिए लॉन्च किए 390 सैटेलाइट

स्पेस मार्केट में ISRO का दबदबा, 2014 से अब तक अमेरिका-जर्मनी समेत 34 देशों के लिए लॉन्च किए 390 सैटेलाइट


इसरो ने एलवीएम3-एम6 रॉकेट से अमेरिकी सैटेलाइट को सफलतापूर्वक स्थापित कर अंतरिक्ष में भारत की मजबूत पहुंच का लोहा मनवाया है। स्पेस डॉकिंग में चौथा देश बनने के साथ गगनयान मिशन की तैयारी और नेविगेशन सिस्टम को मजबूत करने में भी अहम सफलताएं हासिल की हैं।
इसरो के एलवीएम3-एम6 रॉकेट ने इतिहास रचते हुए अमेरिकी कंपनी एएसटी स्पेसमोबाइल की ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ‘लो अर्थ ऑर्बिट’ (एलईओ) में स्थापित किया है। इस सफलता ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। इसके साथ इस साल ही स्पेस डॉकिंग, मानव अंतरिक्ष यान की तैयारी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसी कई सफलताएं मिलीं, जिसने दुनिया को अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की मजबूत पहुंच का लोहा मनवाने पर मजबूर किया।
इसरो की इस सफलता ने वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में भारत की साख को एक बार फिर मजबूती दी है। वर्ष 2014 से अब तक ISRO ने 34 देशों के लिए 390 से अधिक विदेशी सैटेलाइट लॉन्च किए हैं। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका के 232 सैटेलाइट शामिल हैं, जो किसी भी देश से सबसे अधिक हैं। गुरुवार को यह जानकारी वाशिंगटन स्थित भारतीय एम्बेसी ने दी।
एक साथ 104 सैटेलाइट लॉन्च कर बनाया विश्व रिकॉर्ड – अमेरिका में भारत के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए कहा, ISRO की वैश्विक पहचान उसकी तकनीकी दक्षता, लागत प्रभावी सेवाओं और कठिन चुनौतियों को लगातार सफलतापूर्वक पूरा करने से बनी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण 2017 का ऐतिहासिक मिशन है, जब ISRO ने एक ही बार में 104 सैटेलाइट लॉन्च कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।