
जापान में अगले साल यानी 2020 में ओलंपिक गेम्स होने वाले हैं। इसी को लेकर जापान में बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो चुकी है। इसी के तहत अपने यहां आने वाले मुस्लिम एथलीटों और पर्यटकों के लिए जापान ने खास मोबाइल मस्जिद की शुरूआत की है। जिससे किसी को भी नमाज पढ़ने में किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो।
इस मोबाइल मस्जिद को एक स्पोर्ट्स इवेंट कंपनी याशू प्रोजेक्ट ने तैयार किया है। कंपनी के मुताबिक कई बड़े-बड़े ट्रकों को कंवर्ट करके उन्हे मोबाइल मस्जिद बनाया गया है। जब भी ये कहीं खड़ी होंगी तो रिमोट कंट्रोल से उनके पीछे का हिस्सा उठ जाएगा। जिससे वहां एक सीढ़ी निकल आएगी और पीछे का गेट खुल जाएगा। ये मोबाइल मस्जिद हमेशा स्टेडियम के बाहर मौजूद रहा करेंगी। इन में कार्पेट और हाथ धोने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आराम से 50 लोग नमाज पढ़ सकते हैं।याशु प्रोजेक्ट के सीईओ याशुरु इनाउ ने बताया कि इस तरह की मस्जिद बनाने की प्रेरणा उन्हे चार साल पहले कतर की यात्रा के दौरान मिली थी।
दरअसल, जापान में कुल 68 मस्जिदें हैं जिसमें से टोक्यों में केवल 4 है। 2020 ओलंपिक को देखते हुए जापान में बड़ी संख्या में एथलीट्स और फैंस का जमावड़ा होगा। जिसमें काफी संख्या में मुस्लिम भी होंगे। ऐसे में ये मोबाइल मस्जिदें उनको नमाज पढ़ने में सहूलियत देंगी। इस तरह की मोबाइल मस्जिद का सबसे पहला प्रयोग इंडोनेशिया में 2016 में किया गया था, जो काफी सफल रहा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website