
हैरी पॉटर शृंखला के उपन्यास लिखकर दुनियाभर में मशहूर हुई ब्रिटिश लेखिका जेके रोलिंग एक और उपन्यास लेकर आ रही हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उपन्यास बंगाल के युवक नेत्रप्रसाद शर्मा पर केंद्रित है। रोलिंग ने 272 पेजों का ड्राफ्ट भी नेत्रप्रसाद को भेज दिया है। रोलिंग ने नेत्रप्रसाद को कैलिफोर्निया में फाइनल चर्चा के लिए बुलाया है।
पांपू बस्ती में रहने वाले नेत्रप्रसाद 10वीं कक्षा भी पास नहीं कर पाए थे। इसके बाद वह राज्य के बक्सा टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट में टूर गाइड का काम करने लगे थे। शर्मा की बक्सा (पांपू बस्ती) से कैलिफोर्निया की यात्रा की शुरुआत एक साल पहले हुई थी। जब 6 अमेरिकी छात्रों का एक समूह ने बाघ अभ्यारण्य के दौरे पर था। समूह वन्यजीवों के बारे में शर्मा के ज्ञान से बहुत प्रभावित हुआ। शर्मा की जंगली जानवरों के स्थानों को ट्रैक करने की उनकी क्षमता कमाल की थी। टाइगर रिजर्व की विजिट के बाद छात्रों ने एक घंटे से अधिक का साक्षात्कार लेकर शर्मा से बातचीत की थी।
नेत्रप्रसाद के पासपोर्ट और वीसा में भी रोलिंग ने मदद की
कुछ दिन पहले उनके पास एक अंतरराष्ट्रीय फोन आया। सामने वाले ने जब खुद को जेके रोलिंग बताया, तो उन्हें सहज विश्वास ही नहीं हुआ। रोलिंग ने उन्हें बताया कि वे अपने अगले उपन्यास में उन्हें मुख्य भूमिका में रखना चाहती हैं। अब दोनों की जुलाई माह में कैलिफोर्निया में मुलाकात होगी, ताकि वे उनके जीवन और काम के बारे में गहराई से जान सकें। नेत्रप्रसाद बताते हैं कि पासपोर्ट और वीसा आवेदन में भी रोलिंग ने उनकी मदद की है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website