
वॉशिंगटन: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के तौर पर जॉन आर. बोल्टन को नियुक्त किया गया है। वह 9 अप्रैल से यह पद संभालेंगे।
बोल्टन पूर्व में संयुक्त राष्ट्र में अमरीका के राजदूत रह चुके हैं। उन्होंने लैफ्टीनैंट जनरल एच.आर. मैकमास्टर की जगह ली है। मैकमास्टर को हटाए जाने की खबरें पिछले हफ्ते ही आई थीं लेकिन व्हाइट हाऊस ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एन.एस.सी.) में किसी तरह के बदलाव नहीं किए गए हैं। बहरहाल, ट्रंप ने ट्विटर पर शुक्रवार को इस संबंधी घोषणा की।
ट्रंप के जनवरी 2017 में राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से व्हाइट हाऊस के कई बड़े अधिकारियों को उनके पद से हटाया गया है। आज की इस घोषणा के बाद मैकमास्टर का नाम भी इस कड़ी में शामिल हो गया। हालांकि व्हाइट हाऊस ने कहा कि मैकमास्टर और ट्रंप के बीच अच्छे कामकाजी संबंध थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website