
कोलकाता: कुलदीप यादव एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले तीसरे और पिछले 27 वर्षों के दौरान यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। इस चाइनामैन गेंदबाज ने पारी के 33वें ओवर में मैथ्यू वेड (दो) को बोल्ड किया, एशटन एगर को पगबाधा आउट किया और पैट कमिन्स को धोनी के हाथों कैच कराकर हैट्रिक पूरी की। उनसे पहले चेतन शर्मा और कपिल देव ने वनडे में भारत की तरफ से हैट्रिक बनायी थी।
चेतन शर्मा ने विश्व कप 1987 में 31 अक्तूबर को नागपुर में खेले गये मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक बनायी थी जबकि कपिल ने चार जनवरी 1991 को ईडन गार्डन्स पर ही श्रीलंका के खिलाफ तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर इस सूची में अपना लिखवाया था। कुलदीप इस तरह से वनडे में हैट्रिक लेने वाले भारत के पहले स्पिनर हैं। उन्होंने अंडर.19 वनडे में भी हैट्रिक बनायी थी। वह पहले ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने अंडर.19 स्तर और फिर वनडे में यह उपलब्धि हासिल की।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website