Wednesday , March 4 2026 11:53 PM
Home / News / चीन में कोहरे के कारण बड़ा हादसा, एक दूसरे से टकराईं 200 गाड़ियां

चीन में कोहरे के कारण बड़ा हादसा, एक दूसरे से टकराईं 200 गाड़ियां


चीन में बढ़ रहे कोरोना वायरस के बीच कोहरे का कहर देखने को मिला है। मध्य चीन के झेंग्झौ (Zhengzhou) शहर में बुधवार की सुबह कोहरे के कारण एक के बाद एक 200 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। कुछ लोग पहली टक्कर के बाद ही लोगों को सतर्क करने के लिए रुकने का इशारा कर रहे थे। कई गाड़ियां जो रुकीं उन्हें पीछे से टक्कर लग गई। ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक गाड़ियों का यह ढेर एक पुल पर लगा। कोहरे के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिसमें दिख रहा है कि पुल पर कोहरा छाया है। टक्कर के कारण एक लंबा जाम लग गया है। इसमें कार, ट्रक, लॉरी समेत अन्य वाहन दिख रहे हैं। वीडियो में घना कोहरा दिख रहा है। कई कारों के डैशकैम में एक्सीडेंट रेकॉर्ड हुए हैं, जिसमें दिख रहा है कि कार एक दूसरे से आपस में टकरा गईं। ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक हादसे के बाद कई ड्राइवर और यात्री अपनी कारों में फंस गए। हादसे के बाद स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया।
एक चश्मदीद के मुताबिक टक्कर के बाद कई किमी लंबा जाम लग गया। कोहरे के कारण सड़क पर फिसलन हो गई थी। रॉयटर्स ने स्थानीय मौसम विज्ञान एजेंसी का हवाला देते हुए कहा कि जिस इलाके में हादसा हुआ है वहां कुछ जगहों पर दृश्यता सिर्फ 200 मीटर थी। हादसे के कई घंटे बाद पुलिस ने कोहरे के कारण कारों को पुल पार न करने की चेतावनी दी थी। गाड़ियां भी एक साथ अपने हॉर्न बजा कर लोगों को अलर्ट कर रही थीं।
चीन की पुलिस ने दी चेतावनी – चीन की माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट वीबो पर ट्रैफिक पुलिस ने लिखा कि सर्दियों में तापमान कम होता है और अक्सर इसके चलते घना कोहरा भी देखने को मिलता है। इसमें आगे ड्राइवरों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि वह अपनी रफ्तार को धीमा रखें और लाइटें जला कर चलें। जितनी जल्दी हो एक्सीडेंट वाले इलाके से निकल जाएं। जिस जगह हादसा हुआ है वह झेंग्झौ को शिनजियांग शहर से जोड़ता है। पुलिस ने बचाव अभियान के दौरान पुल बंद कर दिया था। दोपहर बाद यातायात एक बार फिर शुरु हुआ।