
वाशिंगटनः अमरीकी अंतरिक्ष एजैंसी नासा का पार्कर यान पहली बार सूर्य के बेहद करीब भेजा जा रहा है। यह यान अपने साथ 11 लाख लोगों के नाम भी ले जाएगा। अपने सात साल लंबे अभियान के दौरान पार्कर सोलर प्रोब नामक यह यान 24 बार सूर्य के वायुमंडल के करीब से गुजरेगा। अभी तक कोई भी अन्य यान सूर्य के इतने करीब नहीं गया है।
पार्कर प्रोजैक्ट से जुड़े वैज्ञानिक निकोल फॉक्स ने कहा, इस अभियान से हम अपने सबसे नजदीकी तारे के बारे में कई महत्वपूर्ण बातें जान पाएंगे। किसी अंतरिक्ष यान का यह अब तक का सबसे कठिन अभियान है। इसके साथ उन लाखों लोगों के नाम भेजे जा रहे हैं जो इस अभियान का उत्साहवर्द्धन कर रहे हैं। गत मार्च में इच्छुक लोगों से इस मिशन पर भेजने के लिए नाम मांगे गए थे।11 लाख 37 हजार 202 लोगों ने अपने नाम भेजे। जिन्हें एक मेमोरी कार्ड में संग्रह कर 18 मई को यान में लगा दिया गया है।
इस मेमोरी कार्ड में शिकागो यूनिवर्सिटी के इयूजेन पार्कर के चित्र और उनके शोध पत्र की प्रति भी भेजी जा रही है। इस अभियान का नाम सोलर विंड (सौर पवन) की खोज करने वाले महान वैज्ञानिक पार्कर के नाम पर रखा गया है। नासा का यह पहला अभियान है जिसका नाम किसी जीवित व्यक्ति के ऊपर रखा गया है। पार्कर सोलर यान सूर्य के बाहरी वातावरण का अध्ययन करेगा। इसके द्वारा जुटाए गए डाटा से सूर्य पर होने वाले विस्फोटों का पूर्वानुमान लगाने के साथ सेटेलाइट, अंतरिक्ष यात्री और धरती पर जीवन को प्रभावित करने वाली अंतरिक्ष से जुड़ी घटनाओं का पता चलेगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website