
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) ने आज पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आगामी आम चुनाव के लिए सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। भ्रष्टाचार के आरोपों से सजा से बचने के लिए, श्री शरीफ लंदन में चार साल के आत्म-निर्वासन के बाद अक्टूबर में पाकिस्तान लौट आए। अपील पर नवाज शरीफ सजा पर रोक लगी, जिससे वे 8 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनावों में भाग लेने के पात्र हो गए।
शरीफ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के दिग्गज डॉ. यास्मीन राशिद और 22 अन्य उम्मीदवारों के खिलाफ नेशनल असेंबली (एनए) -130 लाहौर से अपना नामांकन दाखिल किया है। । शरीफ ने नेशनल असेंबली-15 मनसेहरा के लिए भी नामांकन पत्र दाखिल किया है। निर्वाचन आयोग ने शरीफ के नामांकन पत्र को मंजूरी दे दी है। शीर्ष अदालत की ओर से शरीफ को चुनाव लड़ने के लिए आजीवन अयोग्य ठहराये जाने के मद्देनजर उनकी चुनाव लड़ने संबंधी पात्रता को लेकर उठ रहे सवालों के बावजूद आयोग ने उनका नामांकन पत्र स्वीकार कर लिया।
शरीफ के वकील अमजद परवेज ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘एनए-130 के लिए पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ का नामांकन पत्र निर्वाचन आयोग ने स्वीकार कर लिया है।” उन्होंने कहा कि 73 वर्षीय शरीफ की उम्मीदवारी पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई है। उन्होंने कहा, ‘‘नवाज शरीफ अब लाहौर और खैबर पख्तूनख्वा के मानसहरा शहर, दोनों से चुनाव लड़ेंगे।” क्या शरीफ को आजीवन चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य ठहराया गया था? इस सवाल पर परवेज़ ने कहा, ‘‘शरीफ की अयोग्यता उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के संदर्भ में बरी होने के बाद समाप्त हो गई है।” शरीफ परिवार के सभी नेता नवाज शरीफ, उनके छोटे भाई शहबाज शरीफ, उनकी बेटी मरियम नवाज और भतीजे हमजा शहबाज मुख्य रूप से लाहौर से चुनाव लड़ रहे हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website