Wednesday , March 4 2026 6:18 PM
Home / Uncategorized / नया साल पुराने दर्द: गाजा पर इजराइली हमले में 22 लोगों की मौत, अब तक 45000 से अधिक फिलीस्तीनी मारे गए

नया साल पुराने दर्द: गाजा पर इजराइली हमले में 22 लोगों की मौत, अब तक 45000 से अधिक फिलीस्तीनी मारे गए


गाजा पट्टी में नए साल के पहले दिन इज़राइली हमलों में कम से कम 22 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। ये हमले उत्तरी जबालिया, केंद्रीय बुरेज शरणार्थी शिविर और दक्षिणी खान यूनिस में हुए। गाजा में लगातार भारी बारिश के कारण सैकड़ों अस्थायी आश्रय जलमग्न हो गए हैं, जिससे विस्थापित फिलिस्तीनियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसी बीच, इज़राइल मानवीय सहायता की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाए हुए है, जिससे संकट और गहरा हो गया है। गाजा में इज़राइली हमलों के साथ-साथ भारी बारिश के कारण लोग दोहरी मार झेल रहे हैं। शरणार्थी शिविरों में रहने वाले हजारों लोग भारी बारिश और बाढ़ के कारण मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं। गाजा में इज़राइल ने मानवीय सहायता की आपूर्ति पर सख्त पाबंदियां लगाई हैं। इसके चलते विस्थापित लोगों तक आवश्यक वस्तुएं और सहायता पहुंचाना कठिन हो गया है।
गाजा के लोगों के लिए नया साल भी पुराने दर्द और तकलीफें लेकर आया है। इज़राइली हमलों और मानवीय संकट के कारण उनका जीवन और भी कठिन होता जा रहा है। करीब 15 महीने से चल रही जंग नए साल के मौके पर भी जारी है और इसके खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नहीं दिखते है। एक हमला उत्तरी गाजा के जबालिया इलाके में एक घर पर हुआ, जो इस क्षेत्र का नष्ट हो चुका हिस्सा है, जहां इज़राइल अक्टूबर की शुरुआत से ही एक बड़ा अभियान चला रहा है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में सात लोग मारे गए, जिनमें एक महिला और चार बच्चे शामिल हैं, और कम से कम एक दर्जन अन्य लोग जख्मी हुए हैं।
अल-अक्सा शोहदा अस्पताल के मुताबिक, मध्य गाजा स्थित बुरीज शरणार्थी शिविर में रात को हुए एक अन्य हमले में एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। सेना ने लोगों को बुरीज के निकट एक क्षेत्र को रातों-रात खाली करने का आदेश दिया और कहा कि वह फलस्तीनी चरमपंथियों द्वारा हाल में किए गए रॉकेट हमले के जवाब में वहां हमला करेगी। नासेर अस्पताल और यूरोपीय अस्पताल के अनुसार, तीसरा हमला बुधवार तड़के दक्षिणी शहर खान यूनिस में हुआ जहां तीन लोगों की मौत हो गई। यह जंग तब शुरू हुई जब हमास के चरमपंथियों ने सात अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इज़राइल पर हमला कर दिया जिसमें 1200 लोगों की मौत हो गई थी तथा उसने करीब 250 लोगों को अगवा कर लिया था। करीब 100 लोगों को हमास ने अब भी बंधक बनाया हुआ है।