
लंदन: अमेरिकन कॉमेडियन और एक्टर जैरी लुइस का निधन हो गया। वह 91 साल के थे। उनकी मौत की पुष्टि उनके परिवार ने की है। जैरी प्रोड्यूसर, राइटर और डायरैक्टर भी थे। उन्होंने सबसे पहले 1950 के दशक में डीन मार्टिन के कॉमेडी पार्टनर के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वे नाइट क्लब, टीवी शो और कॉन्सर्ट में अपने कॉमेडी प्रोग्राम से मशूहर हुए। उन्हें कॉमेडी किंग कहा जाता था।
बता दें कि जैरी ने द नॉटी प्रोफेसर, द बेलबॉय और लेडीज मैन जैसी कई फिल्मों में अदाकारी की है। डीन मार्टिन के साथ उनका कॉमेडी शो मार्टिन और लुइस बेहद पॉपुलर था। ख्यात कॉमेडियन जिम कैरी, एक्टर डैनी ट्रेजो सहित कई बड़ी हस्तियों ने जैरी के निधन पर दुख जताया है। कैरी ने लिखा है, ‘ये बेवकूफ नकली नहीं था। वह निर्विवादित जीनियस था। मैं आज जो हूं, उनके ही कारण हूं।’ वहीं डैनी ट्रेजो ने लिखा है, ‘भगवान जैरी लेविस की आत्मा को शांति दे। अपनी पूरी जिंदगी दूसरों को हंसाने के लिए शुक्रिया। आप अपने तरह के इकलौते थे।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website