Wednesday , August 6 2025 8:26 PM
Home / News / परमाणु पनडुब्‍बी, अंडरवाटर ड्रोन… फ्रांस ने भारत को दिया बड़ा ऑफर, चीन और पाक‍िस्‍तान में मचेगी खलबली

परमाणु पनडुब्‍बी, अंडरवाटर ड्रोन… फ्रांस ने भारत को दिया बड़ा ऑफर, चीन और पाक‍िस्‍तान में मचेगी खलबली


भारत और फ्रांस रणनीतिक रक्षा साझेदारी की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। फ्रांस ने भारत को परमाणु पनडुब्बियों के निर्माण में मदद की पेशकश की है। इसके अलावा 110 किलो-न्यूटन थ्रस्ट विमान इंजन और अंडरवाटर ड्रोन तकनीक के 100 फीसदी ट्रांसफर का भी ऑफर दिया है। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और इमैनुएल मैक्रों के राजनयिक सलाहकार के बीच भारत-फ्रांस रणनीतिक वार्ता में इन मुद्दों पर बात होगी। दोनों के बीच पेरिस में 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच बैठक होनी है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों में यह पहली द्विपक्षीय रणनीतिक भागीदारी है।
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस और भारत पहले से ही कई क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। इसमें स्पेस तकनीक एक अहम क्षेत्र है। परमाणु पनडुब्बियों पर फ्रांस की पेशकश ऐसे समय में आई है जब भारतीय नौसेना भविष्य को ध्यान में रखते हुए परमाणु हमले वाली पनडुब्बियों के निर्माण पर काम कर रही है। फ्रांस ने भारत को हवा, सतह और अंडरवाटर पूर्ण स्पेक्ट्रम स्वायत्त प्रणाली की भी पेशकश की है। ये भारत की ISR (खुफिया, निगरानी और टोही) क्षमताओं को बढ़ाने और पनडुब्बियों जैसी नौसैनिक संपत्तियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
फाइटर जेट पर भी होगी डोभाल की बातचीत – डोभाल पेरिस में सफ्रान इंजन के चेयरमैन रॉस मैकइन्स से मिलेकर उनके हाल ही में भारत सरकार को दिए गए प्रस्ताव पर भी बात करेंगे। सफ्रान ने भारत को भविष्य के उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) प्रोजेक्ट के लिए 110 केएन इंजनों को मिलकर बनाने की पेशकश की है। ये इंजन भारत की संप्रभु संपत्ति होगी, जिसे वह बिना किसी प्रतिबंध के तीसरे देशों को निर्यात कर सकता है। सफ्रान ने भविष्य में एएमसीए के नए संस्करणों के लिए इस लड़ाकू जेट इंजन को अपग्रेड करने में भारत को मदद की पेशकश की है।